उत्तराखंड में बीते चार सप्ताह से कोरोना के मामलों में लगातार इजाफा दर्ज किया जा रहा है। मंगलवार को ही प्रदेशभर में तीन सौ दस नये संक्रमित सामने आए। पिछले साल 16 जून के बाद एक दिन में संक्रमित मिलने का यह सबसे बड़ा आंकड़ा है। इसके बावजूद राज्य में आए दिन राजनीतिक दलों की बड़ी-बड़ी रैलियां हो रही हैं। मंगलवार को प्रदेश में 14 राजनीतिक आयोजनों के अलावा देहरादून में तीन अन्य विरोध-प्रदर्शन हुए। स्वास्थ्य क्षेत्र के विशेषज्ञ इस स्थिति पर चिंता जता रहे हैं। उनका कहना है कि जब उत्तराखंड में कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं तो भीड़ जुटाने की छूट क्यों दी जा रही है?
