‘बुली बाई’ ऐप मामले में मुंबई पुलिस ने उत्तराखंड के पौड़ी जिले के कोटद्वार पहुंचकर मंगलवार देर रात एक युवक को गिरफ्तार किया है। कोटद्वार के नींबूचौड़ इलाके से युवक की गिरफ्तारी हुई है। बताया जा रहा है कि आरोपी युवक दिल्ली के एक कॉलेज में पढ़ता है। 20 साल के इस युवक का नाम मयंक रावत है।पुलिस के मुताबिक,जम्मू में तैनात सैन्य कर्मी का बेटा ऐप मामले में आरोपी है।
युवक की गिरफ्तारी के साथ ही ‘बुली बाई’ ऐप मामले में उत्तराखंड में यह दूसरी गिरफ्तारी है। आरोपी युवक जाकिर हुसैन कॉलेज, दिल्ली विश्वविद्यालय में बीएससी की पढ़ाई कर रहा है और ऑनलाइन क्लासेज की वजह से वह अपने घर कोटद्वार आया हुआ था। आरोपी से पूछताछ कर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है। आपको बता दें कि ‘बुलीबाई’ ऐप मामले में मुंबई पुलिस साइबर सेल ने बेंगलुरु के एक 21 वर्षीय युवक को गिरफ्तार करने के बाद मुख्य आरोपी एक महिला काे मंगलवार को उधमसिंहनगर जिले से भी गिरफ्तार किया था।
