मुंबई. चेन्नई सुपरकिंग्स (Chennai Super Kings) के इतने खराब प्रदर्शन के बारे में शायद ही किसी ने सोचा होगा. लेकिन आईपीएल 2022 (IPL 2022) में रविवार को यह देखने को मिला. टीम ने हार की हैट्रिक लगाई. टी20 लीग के एक मैच में (CSK vs PBKS) पंजाब किंग्स ने पहले खेलते हुए 8 विकेट पर 180 रन का स्कोर खड़ा किया. जवाब में डिफेंडिंग चैंपियन सीएसके की टीम 18 ओवर में 126 रन बनाकर आउट हो गई. इस तरह से पंजाब ने मुकाबला 54 रन से जीता. पंजाब की यह 3 मैच में दूसरी जीत है. इससे पहले सीएसके को केकेआर और लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ भी हार मिली थी. नए कप्तान रवींद्र जडेजा (Ravindra Jadeja) अब तक बुरी तरह फेल रहे हैं.
लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई की शुरुआत एक बार फिर खराब रही. दूसरे ही ओवर में ऋतुराज गायकवाड़ एक रन बनाकर तेज गेंदबाज कागिसो रबाडा का शिकार बने. अगले ओवर में रॉबिन उथप्पा 10 गेंद पर 13 रन बनाकर वैभव अरोड़ा की गेंद पर आउट हुए. तेज गेंदबाज वैभव आईपीएल डेब्यू कर रहे हैं. इसके बाद उतरे मोइन अली खाता तक नहीं खोल सके और वैभव का ही शिकार बने. टीम ने 22 रन पर 3 विकेट गंवा दिए थे.
