भारत के महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने 24 साल तक ऑन फील्ड अपने खेल से लाखों भारतीयवासियों का दिल जीता। 2013 में संन्यास लेने के बाद अब वह ऑफ फील्ड अपने काम से लोगों का दिल जीतने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। देश में युवा खिलाड़ियों के आदर्श बन चुके सचिन तेंदुलकर भी अपने फैंस को नाराजगी का मौका नहीं देते और जहां तक बन पाता है वह उनके लिए जरूरत की चीजें भी उपलब्ध करवाते हैं। हाल ही में एक 5 साल के खिलाड़ी एस के शाहिद का बल्लेबाजी का वीडियो काफी वायरल हुआ था। उनके माता पिता ने सोशल मीडिया पर शाहिद की बल्लेबाजी का वीडियो डाला था, जिसके बाद उन्हें न केवल लाखों लोगों से तारीफ मिली, बल्कि हाल में अपने आदर्श सचिन तेंदुलकर के साथ पांच दिन तक अभ्यास करने का अवसर भी मिला।
शाहिद के पिता एक ‘हेयर सैलून’ में काम करते हैं। उन्होंने पिछले महीने अपने बेटे का वीडियो सोशल मीडिया पर डाल दिया था, जिसने अंतरराष्ट्रीय मीडिया और दिवंगत शेन वॉर्न का ध्यान भी खीचा। वॉर्न ने इस बच्चे को शुभकामनाएं भी दी थी। वॉर्न का पिछले सप्ताह दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था।
