भारतीय कप्तान रोहित शर्मा के पास वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाली आगामी वनडे सीरीज में स्पेशल रिकॉर्ड बनाने का मौका होगा। रोहित पहली बार फुलटाइम कप्तान के रूप में भारतीय टीम की अगुवाई करेंगे। भारत को 6 फरवरी से अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलनी है। चोट के कारण दक्षिण अफ्रीका सीरीज से बाहर रहने वाले रोहित की इस सीरीज में वापसी हो रही है। ‘हिटमैन’ के नाम से मशहूर रोहित जब पहले वनडे में बल्लेबाजी के लिए मैदान पर उतरेंगे तो उनके पास कई रिकॉर्ड्स को अपने नाम करने का मौका होगा। सलामी बल्लेबाज रोहित इस दौरान महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर, मोहम्मद अजहरुद्दीन और पूर्व कप्तान विराट कोहली को पीछे छोड़ सकते हैं।
सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ सकते हैं रोहित
आगामी तीन मैचों की वनडे सीरीज के दौरान रोहित महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ कर वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे में सर्वाधिक रन बनाने वाले दूसरे भारतीय बल्लेबाज बन सकते हैं। सचिन ने वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे में 1573 रन बनाए हैं। वहीं रोहित के नाम 1523 रन बनाए हैं। रोहित अब अगर सीरीज में 51 रन और बनाते हैं तो वह मास्टर ब्लास्टर को पीछे छोड़ देंगे। विंडीज के खिलाफ वनडे में सबसे ज्यादा रन विराट कोहली ने बनाए हैं। कोहली के नाम 2235 रन है।
इस मामले में भी सचिन से आगे निकल सकते हैं रोहित
वनडे में वेस्टइंडीज के खिलाफ सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में रोहित इस समय तीसरे नंबर पर हैं। वहीं, सचिन तेंदुलकर दूसरे और कोहली पहले नंबर पर हैं। रोहित ने वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे में 3 तो वहीं तेंदुलकर ने 4 शतक लगाए हैं। ऐसे में 2 और शतक लगाते ही रोहित सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ देंगे। विराट कोहली इस मामले में 9 शतक के साथ टॉप पर है।
