उत्तराखंड विधानसभा चुनाव को लेकर सोमवार की शाम कांग्रेस द्वारा जारी 11 उम्मीदवारों की लिस्ट को फिर से संशोधित करने पर विचार कर रही है। सूत्रों के अनुसार कांग्रेस की इस लिस्ट में पहले हरीश रावत को रामनगर सीट दी गई थी, लेकिन अब इसे बदलने की बात चल रही है। पार्टी सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार हरीश रावत को रामनगर की जगह लालकुंआ सीट दी जा सकती है। सूत्रों के अनुसार हरीश रावत के अलावा अन्य उम्मीदवारों की सीटों को भी कांग्रेस हाईकमान बदल सकती है। हालांकि अभी इस बात की पूरी तरह पुष्टि नहीं है।
बता दें कि उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2022 के लिए कांग्रेस ने अपने प्रत्याशियों की दूसरी लिस्ट सोमवार को जारी की थी। सोमवार रात जारी इस लिस्ट में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत का नाम भी शामिल था। रामनगर विधानसभा सीट से हरीश रावत के नाम की घोषणा की गई थी। इससे पहले कांग्रेस ने 70 सदस्यीय उत्तराखंड विधानसभा के लिए 53 प्रत्याशियों की पहली लीस्ट जारी की थी। इस लिस्ट में हरीश रावत का नाम नहीं था जिसके बाद कई तरह के कयास लगाए जा रहे थे।
कांग्रेस ने 11 उम्मीदवारों के सिंबल पर लगा रखी है रोक
विधानसभा चुनाव 2022 के लिए तय उम्मीदवारों के खिलाफ फूटे असंतोष के मद्देनजर कांग्रेस हाईकमान ने बीते रोज जारी 11 उम्मीदवारों की लिस्ट को होल्ड कर दिया है। पूर्व सीएम हरीश रावत, काबीना मंत्री हरक सिंह रावत की बहू अनुकृति गुंसाई समेत सभी 11 उम्मीदवारों को सिंबल आवंटर पर फिलहाल रोक दिया है। कांग्रेस में कार्यकर्ताओं के भारी विरोध के बीच पार्टी हाईकमान ने यह फैसला लिया था। कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष रणजीत रावत के विरोध के स्वर बुलंद होने के बावजूद भी पूर्व सीएम हरीश रावत ने घोषणा की थी कि वह 28 जनवरी को नामांकन करने जा रहे हैं। इससे माना जा रहा है कि चुनाव अभियान समिति का अध्यक्ष होने की वजह से उनके टिकट के साथ कोई छेड़छाड़ नहीं की अटकलें लग रही थीं।
