उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में मंगलवार दोपहर बाद बर्फबारी और बारिश का सिलसिला शुरू हो गया। चकराता में दोपहर बाद लोखंडी, लोहारी, देवबन, खडम्बा, मुंडाली आदि चोटियों पर आधा घंटे बर्फबारी हुई। उधर, रुद्रप्रयाग के चोपता, दुगलबिट्टा, चन्द्रशिला,केदारनाथ, तुंगनाथ में भी बर्फबारी जारी है। उत्तरकाशी में गंगोत्री-यमुनोत्री के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी से जिले में कड़ाके की सर्दी शुरू हो गई। मोरी के ऊंचाई वाले गांवों और हर्षिल में भी बर्फबारी हुई।
ओलावृष्टि की भी चेतावनी: मौसम विभाग ने कहा है कि राज्य में अगले चार दिन बारिश व बर्फबारी का दौर रहेगा। आठ जनवरी को पांच जिलों में ओलावृष्टि की चेतावनी भी जारी की गई है। मौसम केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, 8 जनवरी को उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, दून के पर्वतीय इलाके, टिहरी, पिथौरागढ़ और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी बर्फबारी होने की संभावना है। इसके अलावा हरिद्वार, दून, पौड़ी, नैनीताल,यूएसनगर में ओलावृष्टि की आशंका है।
