दून अस्पताल में दो साल बाद एमआरआई मशीन स्थापित हो गई है। यहां एमआरआई मशीन लगने से गरीब मरीजों का फायदा होगा। बीते दो साल से जांच नहीं होने से मरीजों को महंगी दरों पर निजी रेडियोलोजी लैब में जांच कराने को मजबूर होना पड़ रहा था।
शनिवार को आचार संहिता लगने से महज एक घंटे पहले स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने एमआरआई यूनिट का शुभारंभ किया। इस दौरान मेयर सुनील उनियाल गामा और विधायक खजान दास अस्पताल में मौजूद रहे। इससे पहले मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री को शाम पांच बजे यूनिट का शुभारंभ करना था, लेकिन चुनाव आचार संहिता लगने की आशंका पर कार्यक्रम में फेरबदल किया गया और ऐन वक्त पर इसे वर्चुअली किया गया, लेकिन मुख्यमंत्री फिर भी नहीं जुड़ पाए। उन्होंने सुबह ही ट्वीट कर सार्वजनिक कार्यक्रमों से कोरोना की वजह से दूर रहने का सूचना दी थी। प्राचार्य डॉ. आशुतोष सयाना ने बताया कि कुछ तकनीकी काम और ट्रायल बांकी रह गए हैं, जिसके बाद जांच शुरू कर दी जाएगी।
