महिला मरीज की ऑपरेशन के दौरान मौत हो जाने पर परिजनों ने हंगामा कर दिया। हंगामे से अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया है। रुड़की में इससे पहले भी अस्पताल में मरीजों की मौत होने पर कई बार हंगामे और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आ चुकी है।
गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के चावमंडी में एक निजी अस्पताल है। शनिवार को एक महिला को अस्पताल में ऑपरेशन के लिए लाया गया था। रविवार को सुबह करीब 11:30 बजे के आसपास महिला को ऑपरेशन के लिए ले जाया गया। जहां करीब 30 मिनट बाद डॉक्टरों के एक पैनल ने बताया कि महिला की हार्टबीट तेज हो रही है।
कुछ मिनटों बाद महिला की मौत हो जाने की सूचना परिजनों को मिली। जिसके बाद परिजन आगबबूला हो उठे और चिकित्सकों पर उपचार में लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा किया। परिजनों ने बताया कि ऑपरेशन थिएटर में जाने से पहले महिला की तबीयत ठीक ठाक थी। लेकिन ऑपरेशन के दौरान महिला की मौत उपचार में लापरवाही होने पर हुई है।
हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और आसपास के लोगों ने किसी तरह समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। इंस्पेक्टर ऐश्वर्य पाल ने बताया कि यदि तहरीर मिलती है तो जांच कर मामले में कार्रवाई की जाएगी। मौत किन परिस्थितियों में हुई है इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही पता चल पाएगा।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
महिला की मौत का राज पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलकर सामने आएगा। परिजनों ने भी पोस्टमार्टम कराने पर सहमती जताई है। गंगनहर कोतवाली पुलिस ने महिला के शव को अस्पताल से कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वरिष्ठ उप निरीक्षक नरेंद्र राठी ने बताया कि महिला के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
