No DRS in IPL: मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम की गिनती भले ही दुनिया के बेस्ट स्टेडियम में होती है, लेकिन आईपीएल 2022 के दौरान चेन्नई और मुंबई के मैच के दौरान इस मैदान को शर्मसार होना पड़ा। बिजली गुल होने की वजह से पहले टॉस में देरी हुई और फिर डीआरएस की अनुपलब्धता के चलते खिलाड़ियों के साथ अन्याय हो गया।
इंडियन प्रीमियर लीग भले ही दुनिया का सबसे महंगा टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट हो, लेकिन गुरुवार रात जगहंसाई हो गई। आयोजकों की बदइंजतामी से क्रिकेट को शर्मसार होना पड़ा। दो बल्लेबाज सिर्फ इस वजह से पवेलियन लौट गए क्योंकि पावर कट होने के चलते उनके पास डीआरएस लेने का विकल्प ही मौजूद नहीं था। इससे पहले टॉस में भी देरी हुई थी।
टूर्नामेंट इतिहास की दो सबसे सफल, लेकिन मौजूदा सीजन की सबसे फिसड्डी टीमें चेन्नई सुपरकिंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच गुरुवार रात वर्चस्व की जंग जारी थी। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में हो रहे मैच में टॉस गंवाकर चेन्नई सुपरकिंग्स पहले बैटिंग कर रही थी, लेकिन मुकाबले की दूसरी ही बॉल पर इन फॉर्म बल्लेबाज डेवोन कॉन्वे को अंपायर ने आउट दे दिया। डेनियल सैम्स की बॉल उनके पैड पर लगी। लेग स्टम्प से बाहर जा रही बॉल पर कॉन्वे डीआएस लेना चाहते थे, लेकिन मैदान पर पावरकट न होने के चलते वह ऐसा नहीं कर सका और सिर झुकाकर डगआउट लौट गए।
मीडिया रिपोर्ट्स की माने तो जिस वक्त कॉन्वे को अंपायर ने LBW आउट दिया उस वक्त स्टेडियम में लाइट चली गई थी। जिस कारण उनके पास डीआरएस लेने का विकल्प नहीं था। पिछले तीन मुकाबलों में अर्धशतक जड़ने वाले डेवॉन कॉन्वे शून्य पर चलते बने। अगला ओवर जसप्रीत बुमराह लेकर आए। चौथी बॉल पर रॉबिन उथप्पा पूरी तरह चूक गए। जोरदार अपील पर अंपायर ने फिर अंगुली उठा दी। उथप्पा भी डीआरएस लेना चाहते थे, लेकिन अंपायर ने बताया कि डीआरएस की समस्या अबतक नहीं सुलझ पाई है।
ड्रेसिंग रूम से देख रहे थे धोनी
पूरे बवाल पर धोनी ड्रेसिंग रूम से नजर बनाए हुए थे। टीवी पर अपने खिलाड़ियों के गिरते विकेट और फिर मैदान पर चल रहे ड्रामे को चुपचाप देख रहे थे। हालांकि दोनों कप्तानों को मैच शुरू होने से पहले ही इस समस्या से अवगत करा दिया गया था। टॉस में भी इसी वजह से देरी हुई थी। तब तीन-तीन अंपायर आकर धोनी और रोहित शर्मा से बातचीत कर रहे थे। हालांकि तीसरे ओवर में डीआरएस ऑप्शन मौजूद था, लेकिन तब तक चेन्नई ने पांच रन पर तीन विकेट गंवा दिए थे।
