UKPSC: उम्मीदवार ध्यान दें…OMR आंसर शीट पर अंगूठे का निशान न लगाया तो होंगे भर्ती से बाहर

UKPSC: उम्मीदवार ध्यान दें…OMR आंसर शीट पर अंगूठे का निशान न लगाया तो होंगे भर्ती से बाहर

उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की संभागीय निरीक्षक (प्राविधिक) परीक्षा में अगर उम्मीदवारों ने ओएमआर आंसर शीट पर अंगूठे का निशान न लगाया तो उसका मूल्यांकन नहीं किया जाएगा। आयोग ने बुधवार को 19 अप्रैल को होने जा रही स्क्रीनिंग परीक्षा को लेकर यह निर्देश जारी किए। आयोग के सचिव गिरधारी सिंह रावत की ओर से जारी निर्देशों के मुताबिक, संभागीय निरीक्षक परीक्षा के एडमिट कार्ड चार अप्रैल से आयोग की वेबसाइट पर जारी होंगे। यह एक छंटनी परीक्षा है, जिसका पाठ्यक्रम भी जारी कर दिया गया है। इस वस्तुनिष्ठ परीक्षा में चार सवालों के गलत जवाब देने पर एक अंक काट लिया जाएगा।

उन्होंने निर्देश दिए हैं कि सभी उम्मीदवारों को अपने ओएमआर शीट पर अंगूठे का निशान जरूर लगाना होगा। पुरुष अभ्यर्थियों को बायें अंगूठे और महिला अभ्यर्थियों को दायें अंगूठे का निशान लगाना होगा। ऐसा न करने पर ओएमआर आंसर शीट का मूल्यांकन नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसकी उत्तर कुंजी जारी होने के सात दिन के भीतर इस पर आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। प्रति प्रश्न आपत्ति के लिए 50 रुपये शुल्क तय किया गया है।

कनिष्ठ सहायक परीक्षा के एडमिट कार्ड 18 फरवरी को

उत्तराखंड लोक सेवा आयोग कनिष्ठ सहायक परीक्षा का आयोजन पांच मार्च को करने जा रहा है। इस परीक्षा के एडमिट कार्ड 18 फरवरी को जारी होंगे। जिन उम्मीदवारों को श्रुतलेखक की जरूरत है, वह 23 फरवरी तक आयोग को अपना आवेदन भेज सकते हैं। परीक्षा में किसी भी तरह की घड़ी, मोबाइल, इयर फोन, ब्लूटूथ डिवाइस आदि पर प्रतिबंध रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *