रोहित शर्मा को हर सीरीज में हिस्सा नहीं लेना चाहिए’, पूर्व भारतीय क्रिकेटर ने दी सलाह

रोहित शर्मा को हर सीरीज में हिस्सा नहीं लेना चाहिए’, पूर्व भारतीय क्रिकेटर ने दी सलाह

टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल मुकाबले में हार के बाद कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma), विराट कोहली (Virat Kohli), केएल राहुल (KL Rahul) जैसे कई सीनियर खिलाड़ियों ने ब्रेक लिया. वह न्यूजीलैंड दौरे पर नहीं गए थे. भारतीय टीम 4 दिसंबर से अब बांग्लादेश के खिलाफ वनडे सीरीज की शुरुआत करेगी. इस सीरीज में कई दिग्गजों की वापसी होगी. इस लिस्ट में कप्तान रोहित शर्मा का भी नाम शामिल है. बांग्लादेश के खिलाफ वनडे सीरीज से पहले भारतीय पूर्व क्रिकेटर हेमांग बदानी को लगता है कि रोहित शर्मा को सभी सीरीज में हिस्सा नहीं लेना चाहिए.

बदानी ने हिंदुस्तान टाइम्स से बातचीत के दौरान कहा, ”विश्व कप आ रहा है. हमें निश्चित रूप से बहुत से खिलाड़ियों को आजमाना होगा. हां, हर फॉर्मेट में एक कप्तान का होना अच्छा होता है. लेकिन रोहित शर्मा के लिए यह असंभव है कि वह सभी मैच खेलें. उन्हें सही संतुलन तलाशना होगा. रोहित शर्मा के लिए हर सीरीज में हिस्सा लेना अनुचित होगा. मैं हर प्रारूप में एक अलग टीम बनाने के लिए तैयार हूं.”

उन्होंने आगे कहा, ”जिस तरह से टी20 खेला जाता है, वनडे खेला जाता है और टेस्ट क्रिकेट खेला जाता है. यह तीनों बिल्कुल अलग है. यह समान है लेकिन इन तीनों फॉर्मेट में फर्क है. आपको ट्रेनिंग और तैयारी करके आना होता है.”

जब बदानी से उनके अगले पसंदीदा कप्तान के रूप में किसी खिलाड़ी को चुनने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने बिना किसी संकोच के हार्दिक पंड्या का नाम लिया. उन्होंने कहा,’ हार्दिक तैयार हैं. वह शुरू से ही एक लीडर की तरह हैं.”

बता दें कि टीम इंडिया 4 दिसंबर से बांग्लादेश के खिलाफ वनडे सीरीज की शुरुआत करेगी. दोनों टीमों के बीच 3 वनडे मैच होंगे. इसके बाद टीम इंडिया 2 मैचों की टेस्ट सीरीज खेलेगी. दिग्गज बल्लेबाज शिखर धवन और ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर आज शुक्रवार (2 दिसंबर) को टीम ज्वॉइन करेंगे.

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *