पहाड़ की घाटियों से लेकर मैदान में हीट वेव का अलर्ट, जानें प्रमुख शहरों का तापमान

पहाड़ की घाटियों से लेकर मैदान में हीट वेव का अलर्ट, जानें प्रमुख शहरों का तापमान

मौसम विभाग ने गढ़वाल मंडल के मैदानी क्षेत्र और पहाड़ के घाटी वाले इलाकों के लिए हीट वेव यानी अत्यधिक गर्मी की चेतावनी जारी की है। सात जून तक यह स्थिति बनी रह सकती है। देहरादून स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अगले तीन से चार दिन प्रदेश के मैदानी जिलों में अनेक स्थानों पर अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है।

पर्वतीय क्षेत्रों में दो हजार मीटर तक के कुछ इलाकों में तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। विभाग के मुताबिक सात जून तक गढ़वाल मंडल में कहीं-कहीं हीट वेव की स्थिति रहेगी। वहीं दूसरी ओर पांच और छह जून को कुमाऊं मंडल के कुछ जिलों में ओलावृष्टि की आशंका है। ओलावृष्टि और तेज हवाओं को लेकर कुमाऊं क्षेत्र के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

हीट वेव से ये इलाके रहेंगे प्रभावित: गढ़वाल मंडल में घाटी वाले श्रीनगर, सतपुली, गौचर, रुद्रप्रयाग, कर्णप्रयाग, देवप्रयाग और चिन्यालीसौड़ आदि इलाके हीट वेव से प्रभावित रह सकते हैं। इसके अलावा ऋषिकेश, कोटद्वार, डोईवाला, देहरादून और रायवाला, हरिद्वार आदि मैदानी इलाकों में हीट वेव का ज्यादा असर रहेगा।

डिहाईड्रेशन की हो सकती है दिक्कत 
मौसम विभाग के निदेशक बिक्रम सिंह के मुताबिक, हीट वेव और ओलावृष्टि की परिस्थितियों में फसलों, बागवानी, पौधरोपण को नुकसान पहुंच सकता है। अत्यधिक गर्मी के चलते फसलों और सब्जियों पर असर पड़ने की संभावना है। उच्च तापमान के कारण लोगों को डिहाईड्रेशन की दिक्कत हो सकती है। मौसम विभाग ने किसानों को फसलों में नियमित सिंचाई करने, राज्य सरकार से वनाग्नि की घटनाओं पर कड़ी नजर रखने, आम लोगों से दोपहर में खुले में काम करने से बचने की सलाह दी है।

तापमान पर एक नजर
शहर तापमान

देहरादून 41.1
पंतनगर 39.2
मुक्तेश्वर 29
टिहरी 29.2
पिथौरागढ़ 31.8
नैनीताल 27.5
मसूरी 27.6
जौलीग्रांट 40.4
रुड़की 40.5
खटीमा 39
रानीचौरी 28.9

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *