WTC Final: फाइनल को लेकर रोहित सख्त, कहा- IPL में वर्कलोड का रखा जाएगा ध्यान, कुछ खिलाड़ी पहले इंग्लैंड जाएंगे

WTC Final: फाइनल को लेकर रोहित सख्त, कहा- IPL में वर्कलोड का रखा जाएगा ध्यान, कुछ खिलाड़ी पहले इंग्लैंड जाएंगे

भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने पर खुशी जताई है। हालांकि, उन्होंने फाइनल को लेकर सख्त रवैया भी अपनाया है और वर्कलोड मैनेजमेंट पर बयान दिए हैं। मैच के बाद पोस्ट मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में रोहित विश्व टेस्ट चैंपियनशिप से जुड़े कुछ सवालों पर जवाब दिया।

इस दौरान उन्होंने कहा कि आगामी आईपीएल के दौरान कुछ खिलाड़ियों के वर्कलोड मैनेजमेंट पर भी काम किया जाएगा। जिन खिलाड़ियों की टीम प्लेऑफ में नहीं पहुंच पाती है उन्हें तैयारी के लिए पहले ही यूनाइटेड किंगडम भेज दिया जाएगा।

ओवल में खेला जाएगा WTC फाइनल

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल सात जून से लंदन के ओवल स्टेडियम में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला जाएगा। यह मैच आईपीएल के ठीक बाद होगा। आईपीएल 31 मार्च से शुरू होगा और फाइनल 28 मई को खेला जाएगा। इस बार आईपीएल होम और अवे मैचों के आधार पर खेला जाएगा। कोरोना के आने के बाद से यह पहली बार है जब आईपीएल होम और अवे के आधार पर खेला जाएगा। खिलाड़ियों को काफी यात्रा भी करनी पड़ेगी, जिससे खिलाड़ियों को थकान हो सकती है।

टेस्ट टीम से सिर्फ पुजारा नहीं खेलेंगे आईपीएल

ऐसे में आईपीएल के तुरंत बाद वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल का होना भारत के लिए नुकसानदायक हो सकता है। मौजूदा टेस्ट टीम में से सिर्फ एक चेतेश्वर पुजारा ही हैं जो आईपीएल में किसी टीम का हिस्सा नहीं हैं। मैच के बाद रोहित ने कहा- यह हमारे लिए काफी क्रिटिकल है। हम उन सभी खिलाड़ियों के लगातार संपर्क में रहेंगे जो उस फाइनल में खेलने जा रहे हैं और उनके वर्कलोड पर नजर रखेंगे और देखेंगे कि उनके साथ क्या हो रहा है।

रोहित ने फाइनल की तैयारियों को लेकर क्या कहा?

रोहित ने कहा- 21 मई के आसपास तक छह टीमें होंगी जो संभवतः आईपीएल प्ले-ऑफ की दौड़ से बाहर हो जाएंगी। इसलिए जो भी खिलाड़ी उपलब्ध होंगे, हम कोशिश करेंगे कि उन्हें जल्द से जल्द यूके भेज दिया जाए। जितना संभव होगा हम उन्हें मॉनिटर करने की कोशिश करेंगे। रोहित ने साथ ही गेंदबाजों के ड्यूक बॉल से प्रैक्टिस करने पर भी जोर दिया। दरअसल, इंग्लैंड में ड्यूक बॉल का इस्तेमाल होता है। भारत में एसजी और ऑस्ट्रेलिया में कूकबुरा गेंद का इस्तेमाल होता है।

ड्यूक बॉल से प्रैक्टिस करेंगे भारतीय गेंदबाज

भारत के तीन फ्रंटलाइन पेसर मोहम्मद सिराज (आरसीबी), मोहम्मद शमी (गुजरात टाइटंस) और उमेश यादव (केकेआर) के अपने-अपने फ्रेंचाइजी के साथ लीग स्टेज के कम से कम 14 में से 12 मैच खेलने की उम्मीद है। ऐसे में उनके वर्कलोड पर निगरानी रखने की बेहद जरूरत होगी। रोहित ने कहा- दरअसल, हम सभी तेज गेंदबाजों को कुछ (लाल) ड्यूक गेंदें भेज रहे हैं और अगर उन्हें इससे गेंदबाजी करने का समय मिलता है तो वह उससे प्रैक्टिस कर सकते हैं।

भारतीय खिलाड़ियों को इंग्लैंड में खेलने का अनुभव

शमी, उमेश या सिराज आईपीएल के दौरान वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल की तैयारियों के लिए यात्रा, मैचों और व्यस्त कार्यक्रम से कितना समय निकाल पाते हैं, यह देखने वाली बात होगी। हालांकि, इंग्लैंड भारत के अधिकांश खिलाड़ियों के लिए अनजान जगह नहीं होगी, क्योंकि टीम के कई खिलाड़ी पहले भी वहां टेस्ट खेल चुके हैं।

इनमें से कुछ ने काउंटी क्रिकेट भी खेला है। रोहित ने कहा- जो भी खिलाड़ी फाइनल का हिस्सा होगा, उनमें से कोई भी ऐसा नहीं है जिसने पहले यूके में मैच नहीं खेला हो। मुझे नहीं लगता कि यह एक बड़ी समस्या होगी। मुझे विश्वास है कि तैयारी हमारे लिए महत्वपूर्ण होगी।

ओवल में फाइनल अलग तरह का मैच होगा

भारत और ऑस्ट्रेलिया दोनों टीमों ने इंग्लैंड में काफी क्रिकेट खेली है। न्यूट्रल वेन्यू वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल को एक अलग तरह का माहौल देगा। रोहित ने कहा- दोनों टीमों के लिए न्यूट्रल वेन्यू पर खेलना एक अलग तरह का माहौल तैयार करेगा। मुझे पता है कि दोनों टीमों ने इंग्लैंड में काफी क्रिकेट खेली है और दोनों वहां के कंडीशन से अनजान नहीं होंगे। हालांकि, यह भारत में भारत को खेलने या ऑस्ट्रेलिया में ऑस्ट्रेलिया को खेलने जैसा नहीं होगा। फाइनल मैच उससे थोड़ा अलग होगा। मुझे यकीन है कि दोनों टीमें इसके लिए जमकर तैयारी करेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *