गत चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को टी20 वर्ल्ड कप 2022 के सुपर-12 से ही बाहर होना पड़ा। टूर्नामेंट की मेजबानी करने के बावजूद यह टीम सेमीफाइनल तक का साफर तय नहीं कर पाई। ऑस्ट्रेलिया की इस खराब परफॉर्मेंस से टीम के हरफनमौला ग्लेन मैक्सवेल काफी निराश हैं। मैक्सवेल ने कहा कि टूर्नामेंट के दौरान पूरी टीम कभी एक साथ नहीं खेली और हमने इधर-उधर टुकड़े-टुकड़े में परफॉर्म दी।
आईसीसी की वेबसाइट के अनुसार ग्लेन मैक्सवेल ने कहा ‘हमने शायद पूरा खेल एक साथ नहीं खेला है। मेरे हिसाब से पिछले साल हमने बांग्लादेश, वेस्टइंडीज और श्रीलंका के खिलाफ लगातार अच्छे मैच खेले थे। वहां टीम की शानदार परफॉर्मेंस दिखी थी, हमने मैच जल्दी खत्म किया और कई क्षेत्र में हम काफी तेज थे।’
उन्होंने आगे कहा ‘हमने इस साल कई अवसर खोए, कई बल्लेबाजों को अच्छी शुरुआत मिली, मगर वह उसे बड़े स्कोर में तबदील नहीं कर पाए।’
मैक्सवेल ने इसी के साथ कहा कि ऑस्ट्रेलिया ने टी20 वर्ल्ड कप 2022 में टुकड़ों में परफॉर्म किया। ना तो उनका कोई बल्लेबाज सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में है और ना ही कोई गेंदबा।
इस हरफनमौला ने कहा ‘मुझे नहीं लगता कि हमारे टॉप 5 या 6 में से कोई टॉप रन स्कोरर में है, ना ही हमारे पास कोई सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले में से है। ऐसा लगता है कि हम इधर-उधर टुकड़े-टुकड़े में परफॉर्म कर रहे थे।’
बता दें, सुपर-12 के अंत में ऑस्ट्रेलिया के भी न्यूजीलैंड और इंग्लैंड के बराबर 7 ही अंक थे, मगर खराब नेट रन रेट के चलते गत चैंपियन टीम सेमीफाइनल में प्रवेश नहीं कर पाई। 5 मैचों के बाद ऑस्ट्रेलिया का नेट रन रेट -0.173 का था जबकि न्यूजीलैंड और इंग्लैंड ने क्रमश: +2.113 व +0.473 के नेट रन रेट के साथ सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
