IND vs IRE, U 19 World Cup: आयरलैंड को 174 रन से करारी शिकस्त देकर भारत ने सुपरलीग क्वार्टर फाइनल के लिए किया क्वालीफाई

IND vs IRE, U 19 World Cup: आयरलैंड को 174 रन से करारी शिकस्त देकर भारत ने सुपरलीग क्वार्टर फाइनल के लिए किया क्वालीफाई

भारत ने कप्तान यश ढुल और बाकी छह अन्य खिलाड़ियों के न खेलने के बावजूद वेस्टइंडीज में जारी आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप 2022 के ग्रुप बी मैच में आयरलैंड के खिलाफ 174 रन की धमाकेदार जीत दर्ज कर ली। इसके साथ ही भारत ने सुपरलीग क्वार्टर फाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया है। बुधवार रात को ब्रायन लारा स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में भारत ने निर्धारित 50 ओवर में 5 विकेट खोकर 307 रन का शानदार स्कोर खड़ा किया और फिर आयरलैंड को 39 ओवर में 133 रन पर ढेर कर दिया। आयरलैंड के लिए स्कॉट मैकबेथ ने 32 और जैशुआ कॉक्स ने 28 रन बनाए। भारत की ओर से अनीश्वर गौतम, गर्ग सांगवान और कौशल तांबे ने अपने खाते में दो-दो विकेट चटकाए। उनके अलावा हेंगारगेकर, रवि कुमार और विक्की ओस्तवाल ने भी एक-एक विकेट लिया।

भारत की ग्रुप बी में यह लगातार दूसरी जीत है। इससे पहले, उसने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहला मैच 45 रन से जीता था। भारतीय टीम अब दो मैचों में 4 अंकों के साथ तालिका में टॉप पर है। इसके साथ ही भारत ने सुपरलीग क्वार्टर फाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया है। भारत ग्रुप बी में अपना आखिरी मैच शनिवार को युगांडा के खिलाफ खेलेगा।

इससे पहले, भारत ने निर्धारित 50 ओवर में 5 विकेट खोकर 307 रन का शानदार स्कोर खड़ा किया। भारत की ओर से अंगकृष रघुवंशी 79 और हरनूर सिंह ने 88 रन बनाए। इन दोनों सलामी बल्लेबाजों के बीच पहले विकेट के लिए 164 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी हुई। भारत ने हैरानी भरा फैसला करते हुए अपने नियमित कप्तान यश धुल को आराम दिया, जोकि बाकी छह अन्य खिलाड़ियों के साथ कोरोना पॉजिटिव पाए गए। उनकी गैर मौजूदगी में निशांत सिंधू ने टीम की अगुआई की। रघुवंशी ने 79 रन की पारी के दौरान इतनी ही गेंदें खेलते हुए 10 चौके तथा दो छक्के जमाए। हरनूर ने 101 गेंद का सामना करते हुए 12 बार गेंद सीमारेखा के पार कराई।

इन दोनों के अलावा राज बावा ने 42 रन (64 गेंद में दो चौके और एक छक्का) और इस मैच में कप्तानी की जिम्मेदारी संभाल रहे निशांत सिंधू ने 34 गेंद में पांच चौके से 36 रन का योगदान दिया। राजवर्धन हंगारगेकर ने अंत में कमाल कर दिया और 17 गेंद में पांच छक्के और एक चौके से 39 रन की नाबाद ताबड़तोड़ पारी खेलकर भारतीय टीम को 300 रन पार कराने में मदद की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *