पहाड़ की पथरीली पगडंडियों पर दौड़ते हुए मानसी नेगी प्रदेश का नाम रोशन कर रही है। अब मानसी ने अपने भविष्य के बारे में भी सोचना शुरू कर दिया है। प्रदेश में खेल कोटे से नौकरी मिलने की आस खत्म होने पर मानसी ने रेलवे में नौकरी के लिए ट्रायल दिया है। मानसी की प्रतिभा को देखते हुए उसके चयन होने की काफी संभावनाएं हैं यदि रेलवे में नौकरी मिल जाती है तो प्रदेश से एक स्वर्णिम प्रतिभा पलायन कर जाएगी।
चमोली जिले के दशोली विकासखंड के मजोठी गांव निवासी मानसी नेगी ने जब से दौड़ना शुरू किया तो स्वर्ण पदक से कम कुछ हासिल नहीं किया। गरीब परिवार से निकली मानसी ने विषम परिस्थितियों में भी अपने खेल को न सिर्फ जारी रखा बल्कि हर स्तर पर अपने कोच, परिवार और समर्थकों की उम्मीदों पर खरी उतरी लेकिन प्रदेश सरकार में इस प्रतिभा के लिए कोई नौकरी नहीं है। जिससे अब उसने नौकरी के लिए रेलवे में आवेदन किया है।
कुछ समय पहले उसने रेलवे के लिए ट्रायल भी दे दिया है। प्रतिभावान मानसी के इसमें चयन होने की काफी उम्मीद है। वह सफल हो जाती है तो उसे नौकरी के लिए जाना पड़ेगा। हालांकि मानसी बताती हैं कि वह प्रदेश में रहकर अपने खेल को जारी रखना चाहती है लेकिन पारिवारिक की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। अकेली मां कब तक सबकुछ करती रहेगी। नौकरी मिलने पर परिवार को मदद कर सकेगी और अपने खेल को भी जारी रख सकेगी।
