देहरादून/विकासनगर: देहरादून से नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर ले जाने वाले आरोपी युवक को पुलिस ने कर्नाटक के मंगलुरु से गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से नाबालिग को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है.
आरोपी को आरोपी को स्थानीय न्यायालय में पेश करने के बाद ट्रांजिट रिमांड पर देहरादून लाया गया है. साथ ही पीड़िता के बयान और डॉक्टर परीक्षण के बाद मामले में पॉक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराओं की बढ़ोतरी की गई है.
क्या है मामला? पुलिस के मुताबिक, पटेलनगर थाना क्षेत्र के बंजारावाला निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग बहन बिना बताए घर से चली गई है. शिकायत के आधार पर कोतवाली पटेलनगर में बीएनएस की धारा 137(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया.
इसके बाद मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया. जांच के दौरान पुलिस ने नाबालिग के दोस्तों और अन्य लोगों से पूछताछ की. जांच में सामने आया कि आरिफ नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था. इसके बाद पुलिस ने मुखबिर तंत्र और मोबाइल सर्विलांस की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की.
लगातार प्रयासों के बाद आरोपी के कर्नाटक में होने की सूचना मिली. जिसके बाद पुलिस की टीम ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और गोपनीय सूचना के आधार पर मंगलुरु के दक्षिण पाडेश्वर क्षेत्र में दबिश देकर आरोपी आरिफ (उम्र 24 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया. उसके कब्जे से नाबालिग को भी सकुशल बरामद कर लिया गया.
पीड़िता के बयान और मेडिकल परीक्षण के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 65(1) और पॉक्सो अधिनियम की धारा 3/5 की बढ़ोतरी की गई है. आरोपी को स्थानीय न्यायालय में पेश करने के बाद ट्रांजिट रिमांड पर देहरादून लाया गया है. मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है.“- विनोद गुसाईं, कोतवाली पटेलनगर प्रभारी
विकासनगर में 11 लाख की स्मैक के साथ महिला तस्कर गिरफ्तार: विकासनगर पुलिस ने 37 ग्राम स्मैक के साथ एक महिला नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है. बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 11 लाख रुपए आंकी गई है.
