रुद्रपुर: कोतवाली क्षेत्र की रम्पुरा बस्ती में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक छात्रा की मार्कशीट की तस्दीक करने पहुंचे पुलिसकर्मियों के साथ कुछ लोगों ने कथित तौर पर हाथापाई कर दी. आरोप है कि घटना में एक सिपाही की वर्दी फट गई, जबकि दूसरे सिपाही का मोबाइल फोन भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया. सूचना मिलते ही कोतवाल भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करते हुए दो महिलाओं व एक पुरुष को हिरासत में ले लिया. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.
कोतवाली क्षेत्र की रम्पुरा बस्ती में उस समय तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई, जब रम्पुरा चौकी पर तैनात दो पुलिसकर्मी एक छात्रा की मार्कशीट और संबंधित दस्तावेजों के सत्यापन के लिए वार्ड-24 स्थित जीएस पब्लिक स्कूल पहुंचे. पुलिसकर्मी नियमित प्रक्रिया के तहत दस्तावेजों की जांच और तस्दीक करने के लिए विद्यालय पहुंचे थे. बताया जा रहा है कि स्कूल पहुंचने पर पुलिस टीम को जानकारी मिली कि विद्यालय के प्रधानाचार्य उस समय स्कूल में मौजूद नहीं हैं और अपने घर पर हैं. इसके बाद दोनों पुलिसकर्मी प्रधानाचार्य के निवास पर पहुंचे, जो रम्पुरा बस्ती में ही स्थित है.
वहां पहले से कुछ महिलाएं मौजूद थी. पुलिसकर्मियों ने दस्तावेजों के संबंध में पूछताछ शुरू की और उपलब्ध अभिलेखों का मिलान किया. प्रारंभिक जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि संबंधित दस्तावेजों में मकान को किराए का दर्शाया गया था, जबकि मौके पर स्थिति कुछ अलग दिखाई दी. पुलिसकर्मी इसी संबंध में जानकारी जुटा रहे थे और दस्तावेजों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने का प्रयास कर रहे थे. इसी दौरान पुलिस और वहां मौजूद कुछ महिलाओं के बीच कहासुनी शुरू हो गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बहस कुछ ही देर में विवाद में बदल गई और स्थिति तनावपूर्ण हो गई.
