रुद्रपुर: उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जनपद के जसपुर क्षेत्र में इन दिनों गुलदारों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है. पतरामपुर और मनोरथपुर गांवों में एक साथ तीन-तीन गुलदारों के दिखाई देने से ग्रामीणों में भय का माहौल है. वन विभाग की टीम लगातार कार्रवाई कर रही है, लेकिन खतरा अभी भी बरकरार है.
ऊधम सिंह नगर जनपद के जसपुर क्षेत्र अंतर्गत पतरामपुर और मनोरथपुर गांवों में इन दिनों गुलदारों की दहशत चरम पर है. स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि ग्रामीण शाम ढलते ही अपने घरों में कैद होने को मजबूर हो गए हैं. बीते कुछ दिनों से लगातार इन गांवों में गुलदारों की गतिविधियां बढ़ती जा रही हैं, जिससे लोगों में भय और असुरक्षा की भावना गहराती जा रही है.
