देहरादून: उत्तराखंड भाषा संस्थान की ओर से मुख्य सेवक सदन में उत्तराखंड साहित्य गौरव सम्मान समारोह-2025 का आयोजन किया गया. आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड के सर्वोच्च साहित्यिक सम्मान यानि उत्तराखंड साहित्य भूषण सम्मान से डॉ. जितेन ठाकुर को सम्मानित किया. इसके साथ ही सीएम ने डॉ. बुद्धिनाथ मिश्र, श्याम सिंह कुटौला, डॉ. प्रीतम सिंह, केसर सिंह राय और अताए साबिर अफजल मंगलौरी को उत्तराखंड दीर्घकालीन उत्कृष्ट साहित्य सृजन पुरस्कार से सम्मानित किया.
इसके साथ ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तमाम विधाओं में उत्कृष्ट साहित्यकारों और युवा कलमकार प्रतियोगिता के विजेताओं को भी सम्मानित किया. मुख्यमंत्री ने साहित्य नारी वंदन सम्मान के तहत प्रो. दिवा भट्ट, उत्कृष्ट बाल साहित्य के लिए प्रो. दिनेश चमोला, उत्तराखंड मौलिक रचना पुरस्कार के तहत डॉ भूपेंद्र बिष्ट, डॉ सुधा जुगरान, शीशपाल गुसाई, उत्कृष्ट कुमाऊंनी व गढ़वाली साहित्य के लिए तारा पाठक, हेमंत सिंह बिष्ट और गजेंद्र नौटियाल को सम्मानित किया गया.
