पंजाब विधानसभा चुनाव के मद्देनजर शुक्रवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गुरदासपुर में वर्चुअली सभा को संबोधित किया। उन्होंने अपने संबोधन में प्रदेश की जनता के समक्ष यूपी मॉडल पेश किया। साथ ही कहा कि अगर उन्हें सत्ता मिली तो देखते हैं कि पंजाब में कौन बेअदबी करता है। बता दें कि पिछले दिनों पंजाब के कई धर्मस्थलों में बेअदबी की घटना सामने आई थी।
शुक्रवार को पंजाब के गुरदासपुर में सभा को वर्चुअली संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने जनता से भाजपा का समर्थन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनता हमारा साथ दे तो हम देखेंगे कि कौन ड्रग्स बेचने और बेअदबी करने की कोशिश करता है। आज पंजाब की अर्थव्यवस्था खराब हालत में है।
राजनाथ सिंह ने कहा कि हमारी भाजपा शासित सरकार के तहत पिछले 5 वर्षों में उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था 21 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। इस दौरान उन्होंने यूपी में विकास कार्यों का बखान किया और कहा कि जिस तरह उत्तर प्रदेश में विकास की धारा बही है उसी तरह सरकार भविष्य में पंजाब की जनता को भी समृद्धशाली बनते देखना चाहते हैं।
