लक्सर: होली के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद पुलिस की सतर्कता से थाना खानपुर क्षेत्र में एक संभावित बड़ा हादसा टल गया. लक्सर–पुरकाजी मार्ग स्थित ब्राह्मणवाला पुलिया के पास सीएनजी गैस से भरे दो भारी वाहनों की आमने-सामने टक्कर से इलाके में हड़कंप मच गया.
जानकारी के अनुसार बुधवार तुगलपुर स्थित सीएनजी प्लांट से संबंधित दो ट्रक, जो पूरी तरह सीएनजी गैस से भरे हुए थे, आपस में टकरा गए. टक्कर बेहद भीषण थी. जिससे आग या विस्फोट की आशंका पैदा हो गई. हादसे के बाद दो गैस सिलेंडरों से लगातार गैस रिसाव होने लगा. जिससे आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया.
पुलिस ने तुरंत संभाला मोर्चा: सूचना मिलते ही थाना खानपुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची. एहतियातन घटनास्थल से करीब 200 मीटर पहले ही गोवर्धनपुर और खानपुर की ओर से यातायात पूरी तरह बंद करा दिया. साथ ही फायर ब्रिगेड, आपदा नियंत्रण टीम और सीएनजी विशेषज्ञों को तत्काल मौके पर बुलाया गया.
घायलों को सुरक्षित निकाला गया: राहत एवं बचाव टीमों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए घायल ट्रक चालकों को सुरक्षित बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया. विशेषज्ञों की मदद से गैस रिसाव को नियंत्रित किया गया. जिससे संभावित बड़ा हादसा टल गया.
