चंपावत: जनपद में वन्य जीव तस्करी रोकथाम में पुलिस एवं वन विभाग को एक बार फिर बड़ी सफलता मिली है. पुलिस, एसओजी और वन विभाग ने चल्थी चेक पोस्ट पर संघन चेकिंग के दौरान एक व्यक्ति को गुलदार की खाल के साथ गिरफ्तार किया है. वन विभाग ने आरोपी के खिलाफ वन अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. वन रेंजर गुलजार हुसैन ने बताया कि वन्यजीव तस्करों पर पैनी नजर रखी जा रही है, पकड़े गए तस्कर के नेटवर्क को खंगाला जा रहा है.
वन्यजीव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने एक व्यक्ति को गुलदार की खाल के साथ गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है. जानकारी के अनुसार मुखबिर की सूचना पर चल्थी पुलिस चैक पोस्ट पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया. इस दौरान चल्थी पुल की ओर से आ रहे ईश्वर राम उर्फ दीपक (43 वर्ष), पुत्र लछराम, निवासी तल्ली खटोली, चौकी चल्थी, थाना/जिला चंपावत को संदिग्ध प्रतीक होने पर रोका गया. तलाशी लेने पर उसके पास से गुलदार की एक खाल बरामद हुई. मौके पर मौजूद एसओजी, पुलिस चौकी चल्थी एवं वन विभाग की टीम ने आरोपी को तत्काल हिरासत में ले लिया. पुलिस द्वारा अभियुक्त को बरामद खाल समेत वन विभाग के सुपुर्द कर दिया गया.
रुद्रपुर में कछुओं के साथ तस्कर गिरफ्तार: बीते माह उधम सिंह नगर के पुलभट्टा थाना पुलिस ने यूपी उत्तराखंड के बहेड़ी बॉडर से कछुओं की तस्करी करने वाली दो महिला तस्करों समेत 4 तस्करों को अरेस्ट किया था. पकड़े गए तस्कर अंतरराज्यीय बताए गए थे.पुलिस टीम ने तस्करों से बैग से 91 दुर्लभ प्रजाति के कछुए बरामद किए थे. जिसके बाद कछुओं को वन विभाग को सुपुर्द कर दिया गया था. पकड़े गए तस्करों के विरुद्ध वन्यजीव अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था.
