दिल्ली के स्वास्थय मंत्री सत्येन्द्र जैन ने उत्तराखंड में पार्टी को 45 से अधिक सीट मिलने का दावा किया है। जैन से मंगलवार को देहरादून जिले की डोईवाला, रायपुर और धर्मपुर सीट पर पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में डोर टू डोर प्रचार किया। मंगलवार दोपहर पार्टी प्रदेश कार्यालय में पत्रकार वार्ता के दौरान जैन ने कहा कि वो प्रचार में जहां भी गए हैं, लोगों का शानदार उत्साह देखने को मिला है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा अपना साठ पार का नारा बदल चुकी है।
दूसरी तरफ आप 45 से ज्यादा सीट लाकर सरकार बनाने जा रही है। उन्होंने कहा कि कर्नल अजय कोठियाल ने बिना सरकार में रहते हुए भी उल्लेखनीय काम किए हैं। उन्होंने बिना सरकार से मदद लिए हजारों युवाओं को नौकरी पर लगवाने का काम किया। साथ ही साथ केदारनाथ पुनर्निर्माण का काम भी किया। इसलिए लोग कर्नल कोठियाल को सीएम की कुर्सी पर देखना चाहते हैं।
जैन ने कहा कि दिल्ली सरकार का काम भी उत्तराखंड के लोगों ने देखा है, इस कारण लोग आप को एक मौका देने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि आप की सरकार बनते ही उत्तराखंड के पहाड़ों में मोहल्ला क्लिनिक बनाए जाएंगे। इससे पूर्व उन्होंने देहरादून पहुंचने पर सबसे पहले डोईवाला विधानसभा में पार्टी प्रत्याशी राजू मौर्य के साथ मॉर्निंग वॉक कर रहे लोगों से सम्पर्क किया। इसके बाद रायपुर और धर्मपुर विधानसभा में भी प्रचार किया।
