भारत और वेस्टइंडीज के बीच सीरीज शुरू होने में अब चंद ही दिन शेष हैं। वन डे सीरीज का पहला मैच छह फरवरी को खेला जाएगा। इससे पहले एक फरवरी को सभी खिलाड़ी अहमदाबाद में एकत्र होंगे, जहां उन्हें तीन दिन के क्वारंटीन से गुजरना पड़ेगा। हालांकि टीम इंडिया के बाकी खिलाड़ियों की तरह उप कप्तान केएल राहुल एक फरवरी को नहीं पहुंचेगे, बीसीसीआई की ओर से पहले ही कहा जा चुका है कि केएल राहुल दूसरे वन डे से पहले भारतीय टीम से जुड़ेंगे। सीरीज के लिए कप्तान रोहित शर्मा होंगे, वहीं उपकप्तान केएल राहुल को बनाया गया है, लेकिन अब सवाल ये है कि पहले वन डे में उपकप्तानी कौन करेगा।
भारत के सभी खिलाड़ी एक फरवरी को अहमदाबाद पहुंचेंगे। वैसे तो सीरीज के तीनों मैच अलग अलग वेन्यू पर खेले जाने थे, लेकिन भारत में जिस तरह से लगातार कोरोना के केस आ रहे हैं, उसी को ध्यान में रखते हुए बीसीसीआई ने तीनों वन डे मैच एक ही जगह अहमदाबाद में कराने का फैसला किया है। वहीं टी20 सीरीज के सभी तीन मैच कोलकाता में खेले जाएंगे। वन डे सीरीज के पहले मैच में केएल राहुल नहीं होंगे। इसके बारे में बीसीसीआई ने उसी दिन बता दिया था, जब टीम का ऐलान किया गया था। अब देखना होगा कि पहले मैच में उपकप्तानी कौन करेगा।
