उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है। शनिवार को मसूरी, धनोल्टी, नैनीताल की ऊंची पहाड़ियों सहित अन्य जिलों में भी बर्फबारी हुई। बर्फबारी के बाद प्रदेश में पारा गिरने से ठंड बढ़ गई है। ऐसे में लोगा अपने-अपने घरों में हैं, जिसकी वजह से बाजारों में भीड़ भी कम हो गई।
धनोल्टी और मसूरी के लालटिब्बा में बर्फबारी शुरू
पर्यटन नगरी धनोल्टी में सीजन की चौथी बर्फबारी शुरू हो गई। आसपास के निचले इलाकों में जमकर बारिश हो रही है। धनोल्टी बाजार और आलू फार्म व्यू प्वाइंट, एप्पल गार्डन, इको पार्क, सुरकंडा देवी, कद्दूखाल, बुरांसखंडा, तपोवन में बर्फ गिर रही है। क्षेत्र में बड़ी कड़ाके की ठंड हो रही है। वीकेंड पर पहुंचे पर्यटक बर्फ को लेकर काफी उत्साहित हैं। वहीं मसूरी के निकट लाल टिब्बा में भी बर्फबारी शुरू हो गई है। हालांकि मसूरी मुख्य बाजार में अभी बारिश हो रही है। अगर मौसम का यही रुख रहा तो मसूरी मुख्य बाजार में भी अच्छी बर्फबारी देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग ने उत्तराखंड में अगले तीन दिन बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान जारी किया है। इसमें दो हजार मीटर तक की ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फ गिर सकती है।
नैनीताल के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी शुरू
बीते तीन दिनों से मौसम के बिगड़े मिजाज की परिणति बर्फबारी के रूप में होने की संभावना बलवती हो गई हैं। नगर के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फ के फाहे गिरने शुरू हो गए हैं। हालांकि नगर में हल्की वर्षा हो रही है। बता दें कि बीते तीन दिनों से नैनीताल में मौसम का मिजाज बिगड़ा ही रहा। बीते दिवस सुबह हल्की धूप के बाद आसमान में बादल छा गए।
बीती रात्रि आसमान खुलने के बाद आज सुबह से फिर आसमान बादलों से घिर हुआ था तथा नगर में हल्का कोहरा भी छाया हुआ है। मौसम के मिजाज को देखकर अच्छी बर्फबारी की संभावना बनी हुई हैं। इधर नगर में रुक-रुक कर हल्की बूंदाबांदी हो रही है जबकि बारापत्थर हिमालय दर्शन, स्नोव्यू तथा इससे लगे क्षेत्र में बर्फ बर्फ के फाहे गिरने शुरू हो गए हैं। मुक्तेश्वर में भी कडा़के ठण्ड के साथ सर्द हवाओं ने बढा़ई लोगो की मुश्किल बढ़ा दी हैं। न्यूनतम तापमान आज शून्य से नीचे पहुंच गया। न्यूनतम तापमान. -0.4 है।
