देहरादून: उत्तराखंड में एक बार फिर से मौसम का मिजाज बदल रहा है. मौसम विभाग की मानें तो 3 मार्च यानि आज से दोबारा बारिश का दौर शुरू हो सकता है. चेतावनी के तौर पर येलो अलर्ट जारी किया गया है. जिसके तहत कुछ जिलों में बारिश हो सकती है.
इन जिलों में बारिश का अलर्ट: उत्तराखंड मौसम विभाग के मुताबिक, आज उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली जिले के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. जबकि, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है. जबकि, देहरादून और टिहरी जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना है. जबकि, सूबे का बाकी जिलों में मौसम शुष्क रहेगा.
आकाशीय बिजली गिरने को लेकर चेतावनी: मौसम विभाग ने उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली जिलों में आकाशीय बिजली चमकने की आशंका को देखते हुए चेतावनी के तौर पर येलो अलर्ट जारी किया है. वहीं, देहरादून की बात करें तो आसमान मुख्यत साफ रहने से लेकर आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे. रात से गर्जन के साथ बहुत हल्की बारिश की संभावना है. अगर तापमान की बात करें तो अधिकतम 27°C और न्यूनतम तापमान 12°C के आसपास रहने की संभावना है.
माणा एवलॉन्च हादसे के बाद सीएम धामी ने दिए ये निर्देश: वहीं, सीएम धामी ने कहा कि फरवरी और मार्च में हिमस्खलन की संभावना बढ़ जाती है. ऐसे में आपदा प्रबंधन विभाग के माध्यम से एडवाइजरी जारी कर दी गई है. जो भी श्रमिक उच्च हिमालयी क्षेत्रों में काम कर रहे हैं, उन्हें सुरक्षित स्थानों पर भेजने को कहा गया है. जिन क्षेत्रों में भारी बर्फबारी के कारण विद्युत व्यवस्था और संचार व्यवस्था बाधित है, उन्हें दुरुस्त करने के लिए युद्धस्तर पर कार्य किया जा रहा है.
