फरीदाबाद में एक छात्रा के अपहरण व हत्या के मामले में रिमांड पर चल रहा सिक्योरिटी गार्ड एक सीरियल किलर निकला। क्राइम ब्रांच डीएलएफ के समक्ष उसने पूछताछ में सनसनीखेज खुलासा करते हुए तीन किशोरी समेत चार लड़कियों की हत्या करने की वारदात कबूली है। हत्या को अंजाम देने से पहले वह लड़कियों से छेड़छाड़ करता था, विरोध या चिल्लाने पर गला दबाकर हत्या कर देता था।
दोस्त की बेटी की हत्या के आरोप में किया था गिरफ्तार : डीसीपी क्राइम नरेंद्र कादयान ने सोमवार को प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि 22 वर्षीय छात्रा की हत्या के मामले में क्राइम ब्रांच डीएलएफ ने आरोपी सिंहराज को गिरफ्तार किया था। जहां रिमांड के दौरान उसने पूछताछ में एक के बाद एक कई चौंकाने वाले खुलासे किए। सिंहराज से रिमांड के दौरान पूछताछ में पता चला कि वो एक सीरियल किलर है। इससे पहले भी वह तीन नाबालिग लड़कियों की हत्या कर चुका है।
31 दिसंबर को आरोपी ने अपने ही दोस्त की 22 वर्षीय बेटी को सेक्टर-17 नहर के पुल के पास ले गया, जहां उसके साथ गलत हरकत करने की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपी ने पहले की तरह उसकी भी गला दबाकर हत्या कर दी तथा उसके शव को नहर में ढकेल दिया, लेकिन शव नहर किनारे झाड़ियों में फंसे रह जाने के कारण बह नहीं सका। इसके चलते उसकी पहचान हो गई। अन्यथा इस बार भी सीरियल किलर बच निकलता।
