भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच मंगलवार को तीसरे और आखिरी टेस्ट मैच में निर्णायक जंग होंगी। तीन मैचों की यह सीरीज 1-1 से बराबर है और दोनों ही टीमें आखिरी मैच में जीत के साथ सीरीज पर कब्जा कर विश्व टेस्ट चैंपियनशिप तालिका में ऊपर की ओर बढ़ना चाहेंगी। वहीं कप्तान विराट कोहली अपने पिछले दो साल के शतक के सूखे को खत्म करने उतरेंगे।
बीसीसीआई ने सोमवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें टेस्ट टीम के कप्तान विराट कोहली बल्लेबाजी प्रैक्टिस करते हुए नजर आ रहे हैं। विराट इस सीरीज में भी अपनी क्षमता के मुताबिक नहीं खेल सके हैं। कप्तान ने पहले टेस्ट मैच में 35 और 18 रन की पारी खेली थी, जबकि जोहानिसबर्ग टेस्ट में पीठ में जकड़न की वजह से नहीं खेल सके थे।
