सरकारी दफ्तरों में भीड़ पर नियंत्रण के लिए जिला प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है। पब्लिक से सीधे जुड़े कार्यालयों में भीड़ रोकने के लिए गेट पर पूछताछ की जाएगी। जरूरी काम वालों को ही प्रवेश दिया जाएगा। वहीं इस दौरान मास्क पहनना जरूरी होगा। जिनके पास मास्क नहीं होगा उन्हें प्रवेश नहीं दिया जाएगा। उधर, सरकारी कार्यालयों में कर्मचारियों ने लोगों से अब दूरी बनानी शुरू कर दी है।
त्तराखंड में हाल के दिनों में कोरोना के सबसे ज्यादा केस देहरादून में सामने आ रहे हैं। ऐसे में आमजन के साथ ही सरकारी कर्मचारियों में डर बढ़ना लाजमी है। खासकर उन विभागों के कर्मचारियों में जहां पब्लिक का सीधा दखल होता है। गुरुवार को सचिवालय में बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक का आदेश जारी किया गया है। देहरादून जिले में पब्लिक के सीधे प्रवेश वाले दफ्तरों को संक्रमण से बचने की तैयारी भी शुरू हो गई है। जिलाधिकारी ने ऐसे दफ्तरों में बिना मास्क लोगों को प्रवेश नहीं देने का निर्देश दिया है। वहीं प्रवेश गेट पर सेनेटाइजर रखने और कर्मचारियों को मास्क पहने रखने का निर्देश दिया है।
