उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश आफत बनती जा रही है। बुधवार रात से शुरू हुई बारिश जौनसार बावर से लेकर पछुवादून तक आफत बनकर बरसी। कालसी ब्लॉक के मसराड़, गडेता, दातनू, जोशी गांव अतिवृष्टि ने भारी नुकसान पहुंचाया है। खेत खलियान, दुकान, स्कूल पानी के तेज सैलाब में डूब गए। बारिश के बाद नदियां उफान पर हैं। दूसरी ओर, बरसात के बाद भूस्खलन से गंगोत्री-यमुनोत्री हाईवे सहित कई सड़कें बंद हैं। बंद सड़कों को खोलने का काम जारी है, लेकिन खराब मौसम मुसीबत बना हुआ है।
जौनसार बावर से लेकर पछुवादून तक बारिश की वजह से ग्रामीणों की खेतों में खड़ी नगदी फसलें मलबे में दब गई हैं। बारिश बंद होने के हर तरफ तबाही का मंजर नजर आ रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गांव के पास से बहने वाले बरसाती खड्ड के उफान पर आने से पुल के नीचे मलबा जमा हो गया, जिससे सैलाब ने रास्ता बदलकर खेत खलियानों की ओर रुख कर दिया।
तेज बहाव के साथ सैलाब के बस्ती के नजदीक आने से गांव में अफरा-तफरी मच गई। लोग रात में ही सुरक्षित स्थानों की ओर जाने लगे। गनीमत रही कि खड्ड में उफन रहा सैलाब खेतों से ही नीचे की ओर बहने लगा, जिससे बस्ती में ज्यादा नुकसान नहीं हुआ। गुरुवार सुबह बारिश बंद होने बाद घरों से बाहर निकले लोगों को चारों ओर मलबा ही नजर आया।
मलबे में दबा प्राथमिक विद्यालय, आटा चक्की, फसलें हुई तबाह
अतिवृष्टि से बरसाती खड्ड के उफान पर आने से मसराड़ के ग्रामीणों की खड्ड के किनारे रखी नगदी फसल बह गई। इस नगदी फसल को ग्रामीणों ने गुरुवार को मंडी पहुंचाना था। खेतों में नगदी फसलों को तबाह करते हुए सैलाब ने कुछ ही दूरी पर बने सरकारी राशन के लघु संग्रहण केंद्र को अपनी चपेट में ले लिया।
इस केंद्र में रखे तीस बोरी चावल, तीस बोरी गेहूं के साथ ही नगदी फसलें भी बर्बाद हो गईं। संग्रहण केंद्र से आगे बढ़ते हुए सैलाब मसराड़ निवासी चंदा दास की आटा चक्की को ध्वस्त कर दिया। पानी तेजी से गड़ेता गांव की ओर बहने लगा, जहां खड्ड के किनारे बना प्राथमिक विद्यालय तेज बहाव के साथ आ रहे मलबे से दब गया।
स्कूल भवन के ऊपर से पानी और मलबे का सैलाब दातनू बडनू गांव की ओर बहने लगा, जिससे बडनू निवासी सीताराम चौहान, बलवीर, श्याम सिंह, प्रेम दास के खेत बह गए। जबकि जोशी गांव में प्रेमदास के खेत और पवन चक्की को मलबे ने नुकसान पहुंचाया। इसके साथ ही दातनू गांव में ग्रामीणों खेतों में मलबा जमा हो गया।बरसाती खड्ड के उफान पर आने से सरकारी राशन के लघु संग्रहण केंद्र के समीप रखी मसराड़ निवासी अनिल की बाइक मलबे के नीचे दब गई।
मलबे की चपेट में आने से दो युवक घायल
बरसाती खड्ड के उफान पर आने चापनू में सड़क किनारे चाय की दुकान के अंदर बड़ी मात्रा में मलबा घुस गया। जिससे दुकान में काम करने वाले चापनू निवासी शशकू और जयपाल घायल हो गए। दोनों घायलों को उपचार के लिए सीएचसी साहिया पहुंचाया गया। गंभीर घायल होने के कारण जयपाल को उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया, लेकिन सड़कें बंद होने कारण हायर सेंटर नहीं पहुंचाया जा सका। मार्ग खुलने तक सीएचसी में ही दोनों घायलों का उपचार किया जा रहा है।
