साउथ अफ्रीका ने जोहानिसबर्ग टेस्ट में भारत को 7 विकेट से हरा दिया है। डीन एल्गर की कप्तानी पारी से दक्षिण अफ्रीका ने गुरुवार को वांडरर्स में अपना सबसे बड़ा लक्ष्य हासिल करके तीन मैचों की टेस्ट सीरीज 1-1 से बराबर की। एल्गर ने 188 गेंदों पर 10 चौकों की मदद से नाबाद 96 रन बनाए जिससे दक्षिण अफ्रीका ने बारिश से प्रभावित चौथे दिन 240 रन के लक्ष्य के सामने तीन विकेट पर 243 रन बनाकर वांडरर्स में भारत के खिलाफ अपनी पहली जीत दर्ज की। विराट कोहली के बिना खेल रहे भारत ने अपनी पहली पारी में 202 और दूसरी पारी में 266 रन बनाए जबकि दक्षिण अफ्रीका ने पहली पारी में 229 रन बनाकर 27 रन की बढ़त हासिल की थी।
एल्गर ने बुधवार को एडेन मार्करम (31) के साथ पहले विकेट के लिए 47 और कीगन पीटरसन (28) के साथ दूसरे विकेट के लिए 46 रन की साझेदारियां करने के बाद गुरुवार को रॉसी वैन डर डुसेन के साथ 82 रन और टेम्बा बावुमा (नाबाद 23) के साथ 68 रन की साझेदारी करके दक्षिण अफ्रीका की आसान जीत सुनिश्चित की। भारत ने वांडरर्स पर इससे पहले मैच नहीं गंवाया था। उसने यहां दो मैचों में जीत दर्ज की थी और इससे भारतीय टीम यहां अजेय बढ़त लेकर दक्षिण अफ्रीका में पहली टेस्ट सीरीज जीतने के लक्ष्य के साथ उतरी थी लेकिन एल्गर ने उसकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। अब केपटाउन में 11 जनवरी से शुरू होने वाला तीसरा मैच निर्णायक बन गया है।
