उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश यात्रियों के लिए मुसीबत बनती जा रही है। बरसात के बाद भूस्खलन की वजह से शनिवार दोपहर को दिल्ली-देहरादून हाईव मोहंड के पास बंद हो गया। ऐसे में गाड़ियों की लंबी-लंबी कतारें दोनों ओर फंस गए। हाईवे पर गाड़ियों का लंबा जाम भी लग गया। जाम को खुलवाने के साथ ही पुलिस ने ट्रैफिक डायवर्ट किया है।
दिल्ली से आने वाले यात्रियों और देहरादून से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को वाया हरिद्वार भेजा रहा है। ऐसे में यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आशारोड़ी चौकी प्रभारी राजेश असवाल ने बताया कि यूपी की मोहंड चौकी से करीब तीन किमी पहले रुक-रुक कर लैंडस्लाइड हो रही है। छोटे वाहन ही निकल पा रहे हैं। तीन जेसीबी मौके पर लगी हैं। सड़क खुलवाई जा रही है।
उत्तराखंड: दो जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट
मौसम विभाग ने पौड़ी व नैनीताल जिले के कुछ स्थानों पर शनिवार को भारी से बहुत भारी बारिश व कहीं कहीं पर अत्यंत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने पौड़ी, नैनीताल के अलावा शनिवार के लिए ही देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, उधमसिंहनगर, चम्पावत, अल्मोड़ा बागेश्वर व पिथौरागढ़ जिले में कहीं कहीं पर भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका जताई है।
केदारनाथ हाईवे सहित 148 सड़कें बंद, चारधाम यात्रा पर जगह-जगह फंसे यात्री
उत्तराखंड में भारी बारिश के बाद भूस्खलन से यात्रियों की परेशानियां भी बढ़ गईं हैं। बरसात से हुए भूस्खलन से केदारनाथ हाईवे पर गोपेश्वर-चोपता कुंड केदारनाथ हाइवे पर वॉश आउट होने से बाधित हो गया है। बारिश की वजह से घाट दांगी पुल बह गया है।साथ ही, घिंघराण पुल भी क्षतिग्रस्त हुआ। हाईवे और सड़कें बंद होने से जगह-जगह यात्री फंस गए हैं।
