देश के मैदानी इलाकों में भीषण गर्मी से निजात पाने को भारी संख्या में पर्यटक उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों का रुख कर रहे हैं। वीकेंड पर नैनीताल, मसूरी सहित कई पर्यटक स्थल पर्यटकों से पैक हो गए हैं। टूरिस्ट डेस्टिनेशन में होटलों में बुकिंग फुल है। पर्यटकों की भारी भीड़ की वजह से सड़कों पर जाम की स्थिति बनी हुई है।
पर्यटन सीजन के उफान के बीच एक बार फिर रविवार को नैनीताल से लेकर भवाली तक का पूरा इलाका जाम में जकड़ा रहा। जिस कारण पर्यटकों के साथ ही स्थानीय लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं नैनीताल में पर्यटकों की खूब चहलपहल रही। जिस कारण नगर के सभी प्रमुख पर्यटक स्थलों पर पूरे दिन पर्यटकों की भीड़ रही।
इतनी अधिक संख्या में पर्यटकों के नैनीताल पहुंचने के कारण कारोबार को भी काफी अधिक फायदा हो रहा है। सुबह नौ बजे से ही नैनीताल की ओर हल्द्वानी व कालाढूंगी से आने वाले वाहनों की लाइन लग गई। इस कारण पुलिस को एक बार फिर ट्रैफिक को रूसी बाईपास की ओर मोड़ना पड़ा।
नैनीताल में जाम की स्थिति बनने के कारण करीब तीन घंटे तक वाहनों को रूसी में ही रोका गया। दूसरी ओर भवाली से नैनीताल की ओर आने वाली सड़क पर भी सुबह से ही जाम की स्थिति बनी रही। वहीं खैरना, गरमपानी, मुक्तेश्वर व रामगढ़ की ओर जाने वाले रास्तों पर भी जाम के कारण स्थिति काफी खराब रही। खैरना बाजार में तो पूरे दिन जाम की स्थिति बनी रही।
सभी पर्यटक स्थलों पर भीड़
नैनीताल के जू, पंत पार्क, स्नो व्यू, केव गार्डन, बॉटनिकल गार्डन सहित सभी प्रमुख पर्यटक स्थलों पर शैलानियों की काफी भीड़ रही। रविवार को इन सभी स्थानों पर डेढ़ हजार से अधिक पर्यटकों की आमद दर्ज हुई। भारी संख्या में पर्यटकों के पहुंचने के कारण इन स्थानों पर कारोबार में भी अच्छी वृद्धि दर्ज की गई। इसके अलावा कैंची धाम में भी रविवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ दर्शनों के लिए रही।
दिल्ली-हरिद्वार हाईवे पर जाम
पर्यटकों की भारी भीड़ की वजह से रविवार को हरिद्वार में सुबह से ही हाईवे और शहर की अंदरूनी सड़कों पर भयंकर जाम की स्थित बनी हुई है। जिसके चलते देश के अलग-अलग राज्य से आए श्रद्धालुओं को जहां भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं दूसरी ओर, शहर के आमजन को भी इस जाम के झाम से घंटों चिलचिलाती धूप में सड़क पर घंटों इंतजार करना पड़ा!
