चंपावत उपचुनाव के लिए चुनाव मैदान में उतरे सभी चार प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला आज (शुक्रवार को) हो जाएगा। यहां भाजपा प्रत्याशी के रूप में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित कुल चार उम्मीदवार हैं। मतगणना शुक्रवार सुबह आठ बजे से शुरू होगी। जिला निर्वाचन अधिकारी /डीएम नरेंद्र सिंह भंडारी ने बताया कि सुबह आठ बजे सबसे पहले पोस्टल बैलेट और सर्विस वोटों की गिनती की जाएगी। इसके बाद ईवीएम से की गई वोटिंग की गणना की जाएगी।
उन्होंने बताया कि मतगणना वन पंचायत सभागार में होगी। मतगणना के लिए 12-12 टेबल लगाई जाएंगी। मतगणना 13 राउंड तक चलेगी। मतगणना स्थल पर बैरिकेडिंग, सीसीटीवी कैमरे और मेटल डिटेक्टर आदि की व्यवस्था की गई है। एसपी देवेंद्र पींचा ने बताया कि सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। बगैर वैध अनुमति पत्र के किसी को भी मतगणना स्थल में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
