हल्दूचौड़ के दुम्काबंगर में एक बुजुर्ग से वीडियो कॉलिंग के बाद अश्लील वीडियो बनाकर एक लाख की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपियों का जब इससे मन नहीं भरा तो और पैसों की मांग कर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। आखिर में बुजुर्ग ने अपने बेटे को मामले की जानकारी दी। इसके बाद पीड़ित के बेटे ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई।
कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। दुम्का बंगर निवासी एक बुजुर्ग से वीडियो काल के माध्यम से बातचीत के बाद ब्लैकमेलर ने कुछ देर में अश्लील वीडियो तैयार कर उन्हें भेज दी। धमकी दी कि यदि उन्होंने एक लाख रुपये नहीं दिए तो वीडियो इंटरनेट पर वायरल कर देगा।
इस पर बुजुर्ग ने एक लाख रुपये उसके बताए खाता नंबर पर भेज दिए। इसके बाद आरोपी अलग-अलग नंबरों से कॉल कर उनसे और रुपए की मांग करने लगा। इसके बाद बुजुर्ग ने पूरी घटना अपने बेटे को बताई। बेटे ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार ने बताया मामले में संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
युवक का आपत्तिजनक वीडियो बनाया
नैनीताल। मल्लीताल के एक युवक को बीते दिनों अज्ञात नंबर से वीडियो कॉल आई। युवक ने कॉल रिसीव की तो सामने आपत्तिजनक दृश्य था। हालांकि कुछ ही सेकंड में युवक ने फोन काट दिया। लेकिन इसी बीच उसका वीडियो और फोटो तैयार कर लिए गए। अब संबंधित ठग रुपये की मांग कर रहे हैं। पैसे नहीं देने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी जा रही है। पीड़ित ने मल्लीताल कोतवाली में शिकायती पत्र दिया है। पुलिस के अनुसार मामले में तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
