मौसम विभाग ने अगले तीन चार दिन राज्य के पर्वतीय जिलों में बारिश का अनुमान लगाया है। शुक्रवार को भी चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और बागेश्वर के ऊंचाई वाले इलाकों में कुछ स्थानों पर गरज के साथ छींटे पड़ने से लोगों को राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार के अलावा एक, दो व तीन मई को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
राज्य के शेष हिस्सों में भी हल्की बारिश की संभावना है। बांरिश और ओलावृष्टि को लेकर दो मई तक राज्य में येलो अलर्ट और 3 मई को कहीं कहीं ओलावृष्टि, आकाशीय बिजली गिरने, तेज हवाएं चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान अनेक स्थानों में अधिकतम तापमान मैदानी क्षेत्रों में 39 से 41 डिग्री सेल्सियस व पर्वतीय क्षेत्रों में 2000 मीटर व इसके आसपास के इलाकों में 27 से 29 डिग्री सेल्सियस तक हो सकता है। इसके बाद तापमान में कमी आने की संभावना है।
बिजली संकट
बिजली की प्रतिदिन मांग–48.32 मिलियन यूनिट
बिजली की उपलब्धता–31.66 मिलियन यूनिट
बाजार से खरीद –13.34 मिलियन यूनिट
कमी रोजाना: 3.5 मिलियन यूनिट
राज्य में बिजली की मांग इस बार पिछले सालों के मुकाबले आठ मिलियन यूनिट तक बढ़ गई है। अप्रैल के महीने में मांग 40 मिलियन यूनिट तक रहती थी। जो इस बार 48.32 एमयू तक पहुंच गई है। राज्य के गैस आधारित पॉवर प्लांट गैस उपलब्ध न होने से बंद पड़े हैं। इससे प्रतिदिन 7.5 एमयू बिजली की कमी हो रही है। राज्य में थर्मल का एक भी पॉवर प्लांट नहीं है।
