काली सेना के डाडा जलालपुर में बुधवार को महा पंचायत के ऐलान के बाद गांव को पुलिस छावनी में बदल दिया गया है। पांच किलोमीटर के दायरे में आने वाले गांवों में धारा 144 लागू कर दी गई है। महा पंचायत के लिए लगाया गया टैंट हटा दिया गया। प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनायी रखी जाएगी।
सोलह अप्रैल की शाम को हनुमान जयंती के अवसर पर निकाली गई शोभायात्रा पर पथराव के बाद टकराव हो गया था। मामले में काली सेना की ओर से बुधवार को डाडा जलालपुर गांव में महापंचायत का ऐलान किया गया था। संगठन से जुड़े लोगों गांव पहुंच गए थे। गांव के शिव मंदिर में टैंट भी लगा दिया गया था।
रुड़की में जेएम कार्यालय में डीएम विनय शंकर पांडेय और डीआईजी, एसएसपी डॉ. योगेंद्र सिंह रावत ने पत्रकार वार्ता की। डीएम ने बताया कि डाडा जलापुर गांव में न किसी महापंचायत को अनुमति दी गई है न दी जाएगी। पांच किलोमीटर के क्षेत्र में धारा 144 लागू कर दी गई है।
33 लोगों को मुचलका पाबंद किया गया है। कानून व्यवस्था बनाए रखी जाएगी। डीएम ने बताया कि हेट स्पीच के मामले में सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई चल रही है। मंगलवार को हुई सुनवाई में डाडा जलालपुर में प्रस्तावित महापंचायत का मामला भी आया था। इस मामले में स्टेटस रिपोर्ट बाद में सुप्रीम कोर्ट में दी जाएगी।
डीएम ने कहा कि हेट स्पीच के मामले में हरिद्वार जिले में पहले भी कार्रवाई हो चुकी है। डीआईजी, एसएसपी डॉ. रावत ने बताया कि गांव में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। सभी से अपील की कि सौहार्दपूर्ण माहौल को बनाए रखें। कानून व्यवस्था को अगर कोई तोड़ने की कोशिश करता है तो सख्ती से कार्रवाई की जाएगी। बताया कि मामले में विवेचना जारी है।
यह पुलिस बल किया गया तैनात
पांच डिप्टी एसपी, 65 एसआई, 150 कांस्टेबल, 30 महिला कांस्टेबल, छह कंपनी पीएसी की तैनाती की गई है। ड्रोन से भी पुलिस पूरे क्षेत्र पर नजर रखेगी।
इन जगह लागू की धारा 144
डाडा जलालपुर, हसनपुर मदनपुर, डाडा पटटी, खूब्बनपुर लतीफपुर, बहबलपुर, मानक माजरा, अकबरपुर कालसो, खेड़ी शिकोहपुर, सिकरौढ़ा, हालूमाजरा
