Sanju Samson T20 World Cup 2022: ऑस्ट्रेलिया में होने वाले आगामी टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम की घोषणा कर दी गई है। 15 सदस्यीय टीम में आईपीएल फ्रेंचाइजी राजस्थान रॉयल्स के कप्तान संजू सैमसन को मौका नहीं दिया गया है। इतना ही नहीं सैमसन को ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका सीरीज के लिए भी टीम में नहीं शामिल किया गया। इसके बाद सोशल मीडिया पर फैंस का गुस्सा देखने को मिला। सैमसन को नहीं चुनने के बाद लोगों ने भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) पर पॉलिटिक्स करने के आरोप तक लगाए। साथ ही कई लोगों ने #JusticeForSamson करके अभियान भी सोशल मीडिया पर चलाया।
संजू सैमसन के आंकड़े भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। उनके आंकड़ों की भारत के तीन अन्य विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत, दिनेश कार्तिक और ईशान किशन से तुलना की जा रही है। संजू ने 2022 में अभी तक 44.75 की औसत से 179 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट भी 158 से अधिक का रहा है। वहीं अगर ओवरऑल टी20 में (T20I और IPL) 2022 में उनका स्ट्राइक रेट 150 से अधिक का रहा ह। वहीं 2022 में पंत (291) ने 24.25, दिनेश कार्तिक (193) ने 21.44 और ईशान किशन (430) ने 30.71 की औसत से रन बनाए हैं।
