हुड्डा ने आयरलैंड के खिलाफ दो मैचों की टी20 सीरीज में गजब का प्रदर्शन किया था और इसके दम पर ही उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी20 मैच में प्लेइंग इलेवन में जगह दी गई। यही नहीं वो विराट कोहली की जगह तीसरे नंबर पर इस मैच में बल्लेबाजी के लिए उतरे।
इस मैच से ठीक पहले हुड्डा ने आयरलैंड के खिलाफ 104 रन की शतकीय पारी खेली थी। इंग्लैंड के खिलाफ उन्होंने शुरुआत काफी तेज की और 17 गेंदों पर 2 छक्के व 4 चौकों की मदद से 33 रन बनाए, लेकिन इसे बड़ी पारी में तब्दील नहीं कर पाए। उन्हें क्रिस जार्डन ने अपना शिकार बना लिया, लेकिन वो केएल राहुल के इस रिकार्ड को पीछे छोड़ने में कामयाब रहे।
दीपक हुड्डा ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट की अपनी पहली चार पारियों में 205 रन बनाए जिसमें एक शतक भी शामिल है। अब वो भारत की तरफ से क्रिकेट से सबसे शार्ट फार्म में पहली चार पारियों में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले ये रिकार्ड केएल राहुल के नाम पर दर्ज था जिन्होंने पहली चार पारियों में 179 रन बनाए थे। अब दीपक हुड्डा ने राहुल को पीछे छोड़ दिया और पहले नंबर पर आ गए। इस लिस्ट में 150 रन के साथ सूर्यकुमार यादव तीसरे स्थान पर हैं तो वहीं 128 रन के साथ गौतम गंभीर चौथे नंबर पर हैं।
T20I में भारत की तरफ से पहली चार पारियों में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टाप 4 बल्लेबाज-
205 रन – दीपक हुड्डा
179 रन – केएल राहुल
150 रन – सूर्यकुमार यादव
128 रन – गौतम गंभीर
दीपक हुड्डा ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में अब तक 6 मैचों की चार पारियों में 68.33 की औसत से 205 रन बनाए हैं जिसमें एक शतक शामिल है और उनका बेस्ट स्कोर 104 रन है।
