जौनसार के परशुराम मंदिर में ग्यास पर्व पर देव डोलियों ने किया स्नान, रेशमा शाह के गीतों पर झूमे लोग

जौनसार के परशुराम मंदिर में ग्यास पर्व पर देव डोलियों ने किया स्नान, रेशमा शाह के गीतों पर झूमे लोग

विकासनगर: जौनसार बावर के बोहरी गांव में परशुराम मंदिर में ग्यास पर्व की धूम रही. इस मौके पर भगवान परशुराम और मां रेणुका की देव पालकी को विधि विधान से मंदिर से बाहर निकाला गया. फिर देवपाणी पर स्नान कराकर मंदिर में विराजित किया गया. इस दौरान हजारों श्रद्धालुओं ने देव दर्शन कर सुख समृद्धि की कामना की. माना जाता है कि भगवान परशुराम के मंदिर में रात्रि जागरण करने पर संतान की प्राप्ति होती है. वहीं, इस मौके पर लोकगायिका रेशमा शाह ने लोकगीतों की प्रस्तुति दी.

रात्रि जागरण करने से मनोकामनाएं होती हैं पूरी: देहरादून जिले के जनजातीय क्षेत्र जौनसार बावर के बोहरी गांव में भगवान परशुराम का प्राचीन मंदिर स्थित है. 19 नवंबर को परशुराम मंदिर में रात्रि जागरण का आयोजन हुआ. इस दौरान मंदिर परिसर में देवता के भजन कीर्तन गाए गए. श्रद्धालुओं ने पूरी रात देव स्तुति की. मान्यता है कि जो भी श्रद्धालु भगवान परशुराम और मां रेणुका के मंदिर में अपने परिवार के साथ एक रात देवता की स्तुति करता है, उनकी हर मनोकामनाएं पूरी हो जाती है.

संतान की होती है प्राप्ति: उत्तराखंड के कोने-कोने से लेकर जौनसार बावर और यूपी, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान आदि प्रदेशों से भी भगवान परशुराम मंदिर में श्रद्धालु हाजिरी लगाने आते हैं. ऐसी भी मान्यता है कि निसंतान दंपतियों को भी भगवान परशुराम के आशीर्वाद से संतान की प्राप्ति हो जाती है. जिन दंपतियों के भगवान के आशीर्वाद से संतान हो जाती है, वो दंपत्ति अपनी संतान के सिर के केश यानी बाल भी यहीं उतरवाते हैं.

देवपाणी में स्नान के बाद मंदिर में विराजमान हुए देव पालकी: 20 नवंबर को वाद्य यंत्रों की थाप पर विधि पूर्वक मंदिर से देव चिन्हों और भगवान परशुराम एवं मां रेणुका की पालकी को मंदिर के गर्भगृह से बाहर निकाला गया. परशुराम और मां रेणुका के जयकारों से समूचा क्षेत्र भक्तिमय हो गया. गांव की महिलाओं ने देव पालकी की धूप दीप देकर पूजा अर्चना की. देव पालकियों को देवपाणी नामक स्थान पर स्नान करवाया गया, फिर मंदिर में विराजित किया गया.

“कल रात्रि को यहां जागरण का आयोजन किया गया. जिसमें काफी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए. जो भी लोग मन्नत मांगते हैं, उनकी मनोकामना पूरी हो जाती है. निसंतान को संतान की प्राप्ति होती है, तो परेशान लोगों की समस्या भी दूर हो जाती है. स्थानीय लोग देवता की डोली अपने घरों में भी लेकर जाते हैं.”- अमर सिंह चौहान, अध्यक्ष, मंदिर समिति बोहरी गांव

“ग्यास पर्व पर परशुराम महाराज के मंदिर से पालकी निकलती है. फिर देवपाणी यानी देवता के पानी में स्नान होता है. स्नान करने के बाद लोग दर्शन करते हैं. आखिर में देवता को मंदिर में विराजमान किया जाता है.”- अमर सिंह चौहान, अध्यक्ष, मंदिर समिति बोहरी गांव

लोकगायिका रेशमा शाह के गीतों पर झूमे लोग: ग्यास मेले में सांस्कृतिक मंच पर लोक गायकों की प्रस्तुति ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया. लोकगायक किशन निराला और रेशमा शाह ने भगवान परशुराम की वंदना से शुरुआत की. अरविंद राणा, सीताराम शर्मा, अज्जू तोमर ने भी लोक गीतों से लोगों की तालियां बटोरी. हजारों की संख्या में उपस्थित लोगों की भीड़ ने जमकर गीतों का लुत्फ उठाया. रेशमा शाह के गीतों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *