10 साल में दिल्ली-एनसीआर से 500 से अधिक बाइक चुराने वाले गैंग का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, 20 वाहन बरामद

10 साल में दिल्ली-एनसीआर से 500 से अधिक बाइक चुराने वाले गैंग का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, 20 वाहन बरामद

नोएडा सेक्टर-24 पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस गिरोह ने 10 साल में दिल्ली-एनसीआर से 500 से अधिक दोपहिया वाहन चोरी किए हैं। आरोपी चुराए गए वाहनों को ले जाकर हरियाणा के हिसार में बेचते थे।

एडीसीपी रणविजय सिंह ने बताया कि थाना सेक्टर-24 पुलिस ने शुक्रवार को सेक्टर-12/22 चौराहे पर चेकिंग के दौरान अंतरराज्यीय दोपहिया वाहन चोर गिरोह के दो बदमाशों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान सलमान निवासी ग्राम बैसारे थाना राया जनपद मथुरा वर्तमान और सुमित निवासी ग्राम घड़ौली थाना गाजीपुर दिल्ली के रूप में हुई है। आरोपी सलमान वर्तमान में पलवल हरियाणा में रहता है। पुलिस ने आरोपियों से चोरी की 20 बाइक, स्कूटी, दो फर्जी नंबर प्लेट और लॉक तोड़ने वाले तीन हुक बरामद किए हैं।

गिरोह 2012 से कर रहा वारदात : आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वह 2012 से दिल्ली, गाजियाबाद, नोएडा और हरियाणा के अलग-अलग जिलों से दोपहिया वाहन चोरी कर रहे हैं। पिछले करीब 10 सालों में 500 से अधिक दोपहिया वाहन चोरी कर चुके हैं। पुलिस गिरोह के अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है। कई आरोपियों के ठिकानों का पता चला है।

हिसार में बेचते थे चोरी के वाहन : आरोपियों ने बताया कि वह चोरी के दोपहिया वाहन हरियाणा के हिसार में रहने वाले संजय अरोड़ा को बेचते थे। संजय वाहनों की नंबर प्लेट, इंजन व चेसिस नंबर बदलकर उसे अलग-अलग राज्यों में बेचता है।

आरोपियों से बरामद 20 दोपहिया वाहन भी संजय को बेचने के लिए इकट्ठा किए गए थे। संजय इनके बदले आरोपियों को मोटी रकम देता था। एडीसीपी ने बताया कि गिरोह में शामिल संजय और पिन्टू को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम भेजी गई है।

उल्लेखनीय है कि दिल्ली-एनसीआर के शहरों में वाहन चोरी की वारदात बढ़ी हैं। पुलिस अलग-अलग शहरों में समय-समय पर वाहन चोरी में शामिल चोरों को पकड़ती रही है।

आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग शहरों में केस दर्ज

पुलिस जांच में सामने आया कि वाहन चुराने में गिरफ्तार आरोपियों सुमित और सलमान के खिलाफ पूर्व में कई एफआईआर दर्ज हैं। आरोपी सुमित के खिलाफ पूर्व में दिल्ली, गाजियाबाद और नोएडा में 12 एफआईआर दर्ज हैं, जबकि सलमान पर 8 केस दर्ज हैं। इनमें से कई मामलों में आरोपी आज तक गिरफ्तार नहीं हुए हैं। नोएडा पुलिस ने संबंधित थाना पुलिस को आरोपी की गिरफ्तारी के बारे में जानकारी दी है। संबंधित थाना पुलिस जल्द ही आरोपियों को रिमांड पर लेकर उनसे पूछताछ करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *