जोशीमठ शहर में असुरक्षित भवनों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। अब तक कुल 678 भवन चिह्नित किए जा चुके हैं। सीबीआरआई की टीम ने सोमवार को मलारी इन और माउंट व्यू होटल का सर्वे किया था। आज इन दोनों होटलों से भवनों को ढहाने की शुरुआत होगी। इन होटलों को अत्यधिक क्षति पहुंची है।
सीबीआरआई की टीम ने लिया होटल का जायजा
सीबीआरआई के डॉ. डीपी ने बताया कि टीम ने होटल के अंदर और बाहर का जायजा लिया है। एसडीआरएफ को बताया गया है कि होटल के अंदर से सामान हटाया जाए। जिसके बाद चरणबद्ध तरीके से होटल ढहाने की कार्रवाई होगी। पहले सबसे ऊपर के फ्लोर को तोड़ा जाएगा।
होटलों को तोड़ने का आदेश जारी
जिलाधिकारी हिमांश खुराना ने जोशीमठ आपदा अधिनियम 2005 की धारा 34 टी के तहत होटल मलारी इन व माउंट व्यू को आम जन मानस की सुरक्षा की दृष्टि से तत्काल ध्वस्त किए जाने के आदेश जारी किए हैं।
