ऋषिकेश: देहरादून जिले में ऋषिकेश के पास रायवाला थाना क्षेत्र में देर रात दर्दनाक सड़क हादसे में 22 साल के युवक की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि खांड गांव पुलिया के पास ट्रक और लोडर वाहन की टक्कर के बाद लोडर सड़क पर पलट गया. हादसा इतना गंभीर था कि लोडर चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन में सवार दो अन्य लोगों को मामूली चोटें आई हैं. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया.
प्राप्त जानकारी के अनुसार दोनों वाहन देर रात हरिद्वार से ऋषिकेश की ओर आ रहे थे. इसी दौरान रायवाला थाना क्षेत्र में खांड गांव पुलिया के पास ओवरटेक करने के दौरान लोडर वाहन अनियंत्रित हो गया. बताया जा रहा है कि लोडर वाहन, ट्रक से टकराने के बाद सड़क पर पलट गया. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा: सूचना मिलने पर रायवाला पुलिस घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त लोडर का निरीक्षण किया तो उसके अंदर तीन लोग मौजूद मिले. हादसे में लोडर चालक की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि दो अन्य लोग घायल थे. पुलिस ने घायलों की स्थिति का जायजा लेते हुए आवश्यक कार्रवाई की. इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया.
आठ महीने पहले हुई थी शादी, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़: हादसे में जान गंवाने वाले युवक की शिनाख्त 22 वर्षीय देव सैनी निवासी किशनगढ़, अमरोहा के रूप में हुई है. युवक की मौत की खबर से उसके परिवार में मातम पसरा हुआ है. परिजनों के मुताबिक, देव परिवार का बड़ा बेटा था और घर की आजीविका चलाने की जिम्मेदारी उसी पर थी. महज आठ महीने पहले ही उसकी शादी हुई थी.
जिस उम्र में देव को अपने वैवाहिक जीवन की नई शुरुआत करते हुए परिवार के सपनों को पूरा करना था, उसी उम्र में सड़क हादसे ने उसकी जिंदगी छीन ली. कम उम्र में परिवार के सहारे का इस तरह चले जाना परिजनों के लिए गहरा सदमा है. हादसे की खबर मिलने के बाद परिवार में शोक का माहौल है.
हिरासत में ट्रक चालक: रायवाला थाने के वरिष्ठ उपनिरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस ने दुर्घटना के बाद ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया है. साथ ही ट्रक और लोडर दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर कोतवाली में खड़ा कराया गया है. पुलिस मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है. हादसे के वास्तविक कारणों और दुर्घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है.
इस घटना ने एक बार फिर सड़क पर ओवरटेक करते समय बरती जाने वाली लापरवाही और सावधानी की आवश्यकता को सामने ला दिया हैं. हालांकि हादसे की परिस्थितियों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी. दुर्घटना में युवक की मौत से परिवार ने अपना बड़ा सहारा खो दिया है. आठ महीने पहले जिस घर में शादी की खुशियां आई थीं, वहां अब मातम पसरा है.
