मुस्लिम महिलाओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर फंसे यति नरसिंहानंद, हरिद्वार में केस दर्ज

मुस्लिम महिलाओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर फंसे यति नरसिंहानंद, हरिद्वार में केस दर्ज

मुस्लिम महिलाओं को लेकर बेहद ही आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में जूना अखाड़े के महामंडलेश्वर एवं गाजियाबाद के डासना में शिव मंदिर के परमाध्यक्ष यति नरसिंहानंद एक बार फिर सुर्खियों में है। एक स्थानीय महिला की शिकायत पर हरिद्वार कोतवाली पुलिस ने संत के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पिछले दिनों एक यूटयूबर को दिए गए इंटरव्यू में संत यति नरसिंहानंद ने मुस्लिम महिलाओं को लेकर बेहद ही शर्मनाक टिप्पणी की थी। यह इंटरव्यू जब सोशल मीडिया पर वॉयरल हुआ तब इसे लेकर गहमागहमी तेज हो गई। उनके इस बयान को तेजी से शेयर किया जाने लगा।

इधर, खुफिया विभाग भी हरिद्वार में दिए इस बयान की थाह लेने में जुट गया। सामने आया कि उत्तरी हरिद्वार क्षेत्र में गंगा घाट पर एक यूटयूबर को दिए इंटरव्यू का एक हिस्सा यह बयान भी है। इधर, इस बयान के सोशल मीडिया पर वॉयरल होने के बाद निरंजनी अखाड़ा निवासी महिला रुचिका ने शहर कोतवाली का दरवाजा खटखटाया। महिला ने आरोप लगाया कि संत ने महिलाओं को लेकर बेहद ही अमर्यादित टिप्पणी की है, जिससे महिलाओं की भावनाएं आहत हुई है। उनका यह बयान बेहद ही शर्मनाक है और सीधे सीधे महिलाओं की लज्जा भंग करने की श्रेणी में आता है।

शहर कोतवाली प्रभारी राकेंद्र सिंह कठैत ने बताया कि महिला की शिकायत पर इस संबंध में आईपीएस की धारा 509 एवं 295 एक के तहत संत के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बता दें कि पूर्व में भी धर्मसंसद में भड़काऊ भाषण देने के मामले में संत के खिलाफ मुकदमा दर्ज चला आ रहा है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *