भ्रष्टाचार पर CBI का बड़ा वार, घूसखोरी के आरोप में इंस्पेक्टर सहित दिल्ली पुलिस के 3 कर्मचारी गिरफ्तार

भ्रष्टाचार पर CBI का बड़ा वार, घूसखोरी के आरोप में इंस्पेक्टर सहित दिल्ली पुलिस के 3 कर्मचारी गिरफ्तार

केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने दिल्ली के कालिंदी कुंज थाने में तैनात एक इंस्पेक्टर, एक हेड कॉन्स्टेबल और एक कॉन्स्टेबल को 39,000 रुपये की रिश्वत लेने के मामले में गिरफ्तार किया है।

सीबीआई द्वारा रविवार को दी गई जानकारी के अनुसार, इससे पहले एक शिकायत के आधार पर इंस्पेक्टर और हेड कॉन्स्टेबल के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। आरोप था कि इंस्पेक्टर ने शिकायतकर्ता से हेड कॉन्स्टेबल के जरिए करीब 39 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी।

आगे यह भी पता चला कि आरोपी ने कालिंदी कुंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मदनपुर खादर एक्सटेंशन में करीब 132 वर्ग गज के प्लॉट की चारदीवारी के निर्माण की अनुमति देने के लिए 500 रुपये प्रति वर्गगज के हिसाब से रिश्वत की मांग की थी। हालांकि, बाद में आरोपियों ने रकम को 500 से घटाकर 300 रुपये प्रति वर्गगज (करीब 39,000 रुपये) कर दिया था।

सीबीआई ने जाल बिछाकर शिकायतकर्ता से 39 हजार रुपये की रिश्वत लेने वाले कॉन्स्टेबल को हेड कॉन्स्टेबल की मौजूदगी में पकड़ लिया। जांच एजेंसी ने कहा कि इंस्पेक्टर और हेड कॉन्स्टेबल दोनों को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।

गिरफ्तारी के बाद तीनों पुलिस कर्मियों के आवासीय परिसरों की तलाशी ली गई। गिरफ्तार इन सभी आरोपियों को दिल्ली की एक अदालत में पेश किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *