ऋषिकेश में नशे की लत ने युवक को बनाया चोर, दिनदहाड़े दुकान में की चोरी – THIEF ARRESTED IN RISHIKESH

ऋषिकेश में नशे की लत ने युवक को बनाया चोर, दिनदहाड़े दुकान में की चोरी – THIEF ARRESTED IN RISHIKESH

ऋषिकेश: श्यामपुर अंतर्गत आने वाले खांड गांव में एक युवक चोरी करते हुए गिरफ्तार हुआ है. बताया जा रहा है कि नशे की लत को पूरा करने के लिए युवक ने दुकान पर सामान खरीदने के बहाने गल्ले से रुपए निकालने का प्रयास किया था. पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है.

दुकान मालिक ने बताया कि एक युवक उनकी दुकान पर सामान खरीदने आया, जब वह युवक को सामान देने लगे, तो इस दौरान युवक गल्ले के पास पहुंचा और गल्ला खोलने लगा. गनीमत रही कि गल्ले में रकम नहीं थी और उन्होंने युवक को गल्ला खोलते हुए देख लिया. उन्होंने कहा कि युवक को दुकान से बाहर निकालकर स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस के हवाले कर दिया गया है.

श्यामपुर चौकी प्रभारी ओमवीर सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है. युवक नशेड़ी है. अभी इस संंबंध में कोई भी लिखित शिकायत नहीं मिली है. उन्होंने कहा कि तहरीर मिलने के बाद युवक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

वहीं, रायवाला थाना क्षेत्र में लूट और चोरी की तीन वारदातों में फरार चल रहे आरोपी दीपक थापा को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपी के कब्जे से डेढ़ हजार रुपए नकद और दुकान से चोरी हुआ सामान बरामद किया गया है. आरोपी की निशानदेही पर ई रिक्शा से लूटी गई बैटरी भी जंगल से बरामद हुई है.

रायवाला थाना प्रभारी निरीक्षक बीएल भारती ने बताया कि आज रायवाला क्षेत्र में चेकिंग के दौरान सड़क किनारे एक बाइक सवार संदिग्ध दिखाई दिया. जिससे उसे चेकिंग के लिए रोका गया, तभी उसके कब्जे से एक चाकू और कुछ सामान बरामद हुआ. पूछताछ करने पर उसने बताया कि यह सामान चोरी का है.

उन्होंने कहा कि पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपने साथी राहुल पासवान और सूरज थापा के साथ मिलकर कुछ दिनों पहले एक ई रिक्शा और एक बाइक सवार के साथ लूट की थी और एक दुकान में भी चोरी की थी. राहुल और सूरज को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है. दीपक को भी कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *