अमरनाथ यात्रा में बादल फटने के बाद आई आपदा में उत्तराखंड के तीर्थ यात्री भी फंसे, CM धामी ने बनाया रेस्क्यू एक्शन प्लान

अमरनाथ यात्रा में बादल फटने के बाद आई आपदा में उत्तराखंड के तीर्थ यात्री भी फंसे, CM धामी ने बनाया रेस्क्यू एक्शन प्लान

अमरनाथ यात्रा में फंसे उत्तराखंड के लोगों को सुरक्षित लाने के लिए सरकार ने प्रयास शुरू कर दिए। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह फोन पर बात की। उन्होंने रक्षा मंत्री से प्रभावितों को हर संभव सहायता पहुंचाने का अनुरोध किया। सीएम धामी ने कहा कि अमरनाथ में फंसे तीर्थ यात्रियों को रेस्क्यू करने के लिए हर स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं।

प्रभावितों को हर संभव मदद दी जाएगी। मालूम हो कि उत्तराखंड भी हर साल हजारों श्रद्धालु अमरनाथ धाम की यात्रा पर जाते है। इस बार भी कई लोग वहां गए हैं। सीएम ने यात्रा मार्ग पर हुई दुर्घटना पर दुःख व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति की ईश्वर से कामना की। उन्होंने मृतकों के परिजनों को दुःख की इस घड़ी में शक्ति प्रदान करने की भी कामना की।

उत्तराखंड से अमरनाथ यात्रा में गए श्रद्धालु आपदा के बाद जगह-जगह फंस गए हैं। आपदा के बाद उत्तराखंड सरकार भी अलर्ट मोड पर आ गई है। सीएम धामी ने तीर्थ यात्रियों से भी फोन पर बात कर उन्हें आश्वासन दिया है कि उन्हें रेस्क्यू कर लिया जाएगा। वहीं दूसरी ओर, उत्तराखंड में भारी बारिश की चेतावनी के बाद उत्तराखंड सरकार भी अलर्ट मोड पर आ गई है। संवदेनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। साथ ही, एसडीआरएफ को भी चौबीसों घंटे अलर्ट मोड पर रखा गया है।

आपको बता दें कि जम्मू-कश्मीर में अमरनाथ की पवित्र गुफा के पास बादल फटने से आई बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। इस हादसे में 15 श्रद्धालुओं के मौत होने की पुष्टि हुई है। मृतकों में सात महिलाएं और 6 पुरुष हैं। चिंता की बात है कि आपदा में करीब 40 तीर्थ यात्रियों के लापता होने की भी सूचना है।

अमरनाथ से चार दिन पहले ही लौटा है दून का जत्था

देहरादून के 12 से 13 लोगों का दल चार दिन पहले ही अमरनाथ से वापस लौटा है। राजीव नगर के निखिल जायसवाल और दीपक जायसवाल अपने मित्रों और परिवार समेत अमरनाथ की यात्रा पर गए थे। जहां से वह चार दिन पहले ही वापस लौटे हैं। वहीं, नगर निगम की पार्षद कोमल वोहरा ने बताया कि उन्हें सोशल मीडिया से जानकारी मिली है कि देहरादून से एक ज्वैलर का परिवार भी अमरनाथ गया है। इसके अलावा एक अन्य 17 लोगों का दल 16 जुलाई को अमरनाथ यात्रा पर रवाना होने वाला है। यात्रा के संयोजक मनमोहन जायसवाल ने बताया कि वह हर साल अमरनाथ जाते हैं

।250 लोगों का दल देहरादून से रवाना

धर्मपुर विधायक विनोद चमोली ने अमरनाथ यात्रा के लिए 250 लोगों के दल को शुक्रवार को सुभाषनगर से रवाना किया। विधायक ने स्मृति चिह्न देकर यात्रियों को सम्मानित किया। शिव शक्ति सेवा मंडल के अध्यक्ष राजेश भट्ट ने बताया कि 27वीं बार वह भक्तों को अमरनाथ यात्रा पर ले जा रहे हैं।

समाजसेवी दीपक गोयल ने तीर्थयात्रियों के लिए भोजन की व्यवस्था की। इस दौरान बीजेपी नेता महेश पाण्डे, पार्षद राजेश परमार, रमेश कुमार, वरुण वालिया, अरुण थपलियाल, सुरेंदर थापा, भूपिंदर फत्र्याल, मुकेश मिलन, राजेश मित्तल, बजरंग अग्रवाल मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *