सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार अंकिता भंडारी हत्यांकाड की तह तक जाएगी। इस मामले में संलिप्त प्रत्येक व्यक्ति के खिलाफ कठोर से कठोर कार्रवाई की जाएगी। सीएम कैंप आफिस के मुख्य सेवक सभागार में नंदा गौरा देवी योजना के तहत छात्राओं को धनराशि वितरण कार्यक्रम में सीएम ने कहा कि जब जब बेटियों के साथ दुर्व्यहार होता है तो मन में ग्लानि होती है। बेहद दुख होता है।
बेटियों का अपमान हमारा अपना अपमान है। सरकार प्रदेश में एक नजीर स्थापित करना चाहती हैकि प्रदेश में बालिकाएं निर्भय होकर जी सकें। अपने काम करें। बेटियों के साथ अन्याय करने वालों के लिए न तो समाज में ही कोई जगह है और न ही उत्तराखंड में कोई जगह है। इसीलिए अंकिता भंडारी के प्रकरण में सरकार ने तत्काल निर्णय लिया। आज आरोपी जेल की सलाखों के पीछे हैं। उनके जो जो अवैध निर्माण हैं, उनका ध्वस्तीकरण भी किया गया है।
ऐसा नहीं है कि गिरफ्तारियां हो गईं और केस खत्म हो गया। सीएम ने कहा कि इस पूरे मामले की आखिरी तह तक जाया जाएगा। कि आखिरकार इसमें कौन कौन लोग शामिल थे। एसआईटी इसकी जांच कर रही है। किस किस की संलिप्तता है और कौन कौन सहभागी है, सबको देखा जाएगा। हर दोषी को सजा मिलेगी।
